आजम खान के रामपुर स्थित हमसफर रिजॉर्ट के अवैध कब्जे वाले हिस्सा को तोड़ा गया…..

रामपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान के अवैध निर्माण पर पुलिस ने चोट कर दी है. शुक्रवार को आजम खान के रामपुर स्थित हमसफर रिजॉर्ट के अवैध कब्जे वाले हिस्सा को तोड़ा गया. आजम खान ने रिजॉर्ट के लिए एक हजार मीटर अवैध कब्जा किया था, जिसे दो जेसीबी और बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया.

बता दें कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में आजम खान ने इस लग्जरी हमसफर रिसॉर्ट को बनवाया था. करोड़ों की लागत से बने इस रिसॉर्ट का लोकार्पण पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने किया था. शुक्रवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए रिजॉर्ट के अवैध हिस्से को गिराया.

इससे पहले आजम खान की यूनिवर्सिटी मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय विवादों में घिरी हुई थी. आजम खान पर किसानों की जमीन पर अवैध कब्जा करके विश्वविद्यालय बनाने का भी आरोप है. दरअसल, समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान ने उत्तर प्रदेश पुलिस के जरिए पिछले तीन महीनों में उनके खिलाफ दर्जनों मामले दायर किए हैं. वहीं प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी आजम खान पर कार्रवाई की थी. ईडी ने आजम खान पर अब मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA) के तहत केस दर्ज किया है.

वहीं, आजम खान रामपुर में सवा महीने से नहीं आए हैं. बकरीद पर भी वह अपने संसदीय क्षेत्र नहीं पहुंचे. उन्होंने रामपुरवासियों को पत्र लिखकर अपना दर्द बयां किया है. अपने पत्र में उन्होंने जौहर यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स के लिए भी बातें लिखी हैं. आजम का यह खत सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ.

Back to top button