आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसा: चालक को झपकी आने से खाई में गिरी डबल डेकर बस

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चालक को नींद की झपकी आने से लखनऊ से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस खाई में उतर गई। हादसे में पांच यात्री घायल हुए, जबकि बस में सवार करीब 60 लोग सुरक्षित बच गए।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तड़के चालक को नींद की झपकी आने से लखनऊ से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए करीब 15 से 20 फीट गहरी खाई में उतर गई। हादसे के समय बस में करीब 60 यात्री सवार थे। बस के नहीं पलटने से बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में पांच यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची फतेहाबाद पुलिस व यूपीडा की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक लखनऊ से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 35.500 पर पहुंची थी। इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे बस आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए खाई में उतर गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायलों में अंकित यादव निवासी बछरावां (रायबरेली), हर्ष भारद्वाज निवासी पिलुआ (एटा), आयुष मिश्रा निवासी गोंडा, खालिद निवासी दिल्ली तथा सिद्धार्थ समेत पांच यात्री शामिल हैं। सभी का सीएचसी फतेहाबाद में उपचार कराया गया। अन्य यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी प्रथम सुधीश कुमार ने बताया कि चालक को नींद की झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर खाई में जा खड़ी हुई।पांच यात्री घायल हुए है,जिनको सीएचसी में भर्ती गया है। वहीं पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।





