अष्टमी पर श्रद्धालुओं ने मां के आठवें स्वरूप महागौरी की पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की

शारदीय नवरात्र में क्षेत्र में अष्टमी पूजन हर्षोल्लास व श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। पूरे नवरात्र में मां की आराधना और व्रत रखने वाली श्रद्धालु महिलाओं ने अपने घरों में पूजा अर्चना के पश्चात कन्याओं का पूजन किया। यहां के सभी प्रमुख मंदिरों में नवरात्र पर्व मनाया जा रहा है।

श्री श्री रविशंकर के शीशम झाड़ी स्थित गंगाश्रय आश्रम में प्रथम नवरात्र पर धार्मिक अष्टम स्थान शुरू हुआ था। नौ दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में रविवार को विशेष पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। दोपहर में इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और एम्स के निदेशक प्रोफेसर रविकांत सहित स्थानीय लोग शामिल होंगे। यहां नवमी को यज्ञ की पूर्णाहुति होगी।  कात्यानी मंदिर में भी विधिवत पूजा अर्चना के पश्चात अष्टमी पूजन कार्यक्रम कन्या पूजन के साथ संपन्न किया गया। त्रिवेणी घाट गंगा तट पर भी श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर मां गंगा से समृद्धि और शांति की कामना की।

हरिद्वार में अष्टमी पर घर-घर में हुई कन्याओं का पूजन

शारदीय नवरात्र की महा अष्टमी पर रविवार को श्रद्धालुओं ने मां के आठवें स्वरूप महागौरी की पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। साथ ही अष्टमी पर घर-घर कन्याओं का पूजन कर उपहार व दक्षिणा दी गई। रविवार को शारदीय नवरात्र के अष्टमी पर मां के आठवें स्वरुप महागौरी की पूजा अर्चना की गई। नवरात्र का आठवां दिन होने के चलते माया देवी मंदिर, चंडी देवी मंदिर, दक्षिण काली मंदिर, प्राचीन काली मंदिर, सुरेश्वरी देवी मंदिर, मनसा देवी मंदिर, मां बगला मुखी मंदिर आदि सिद्धपीठों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। सुबह से ही मां के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। अष्टमी के चलते घर-घर कन्या भी पूजी गई। घर में कन्याओं का अभिनंदन कर पूजा-अर्चना की गई। कन्याओं का तिलक कर भोजन ग्रहण करवाने के बाद चुनरी व वस्त्र भेंट किए गए। श्रद्धालुओं ने अपनी-अपनी सामर्थ्य के अनुसार कन्याओं को दक्षिणा दी। मां भगवती से घर-परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की गई।

शहर और आसपास के क्षेत्रों में दुर्गाष्टमी का पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। रविवार को मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। वहीं कन्याओं का भी पूजन किया गया। शहर के प्रसिद्ध दुर्गा चौक मंदिर में अलसुबह से ही मां महागौरी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर में मां के दर्शनों के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। मां के दर्शन करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं में हर आयु वर्ग के भक्त शामिल रहे। भक्तों की ओर से मां को नारियल, चुनरी, पुष्प, फल आदि पूजन सामग्री अर्पित की गई। साथ ही अपने घर-परिवार में सुख-शांति बनाए रखने की कामना श्रद्धालुओं की ओर से की गई।

नहर किनारे स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर, सिविल लाइंस के शिव मंदिर, रामनगर के राम मंदिर, सुभाष नगर के संतोषी माता मंदिर समेत शहर के अन्य सभी मंदिरों में दुर्गाष्टमी पर मां के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। वहीं घर-घर में अष्टमी पर कन्याओं का पूजन किया गया। कन्याओं को प्रसाद ग्रहण करवाकर उन्हें भेंट और उपहार दिए गए।

Back to top button