अयोध्या में यदि राममंदिर नहीं बना तो नहीं बनेगी सरकार: उद्धव ठाकरे

अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के बाद शिवसेना प्रमुख उद्घव ठाकरे ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार को राममंदिर मुद्दे पर अध्यादेश लाना चाहिए। शिवसेना उसका समर्थन करेगी। हिंदुओं की भावनाओं से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा अगर मंदिर नहीं बना तो सरकार नहीं बनेगी। हिंदू अब ताकतवर हो गया है और अब मार नहीं खाएगा।

ठाकरे ने कहा कि रामलला के दर्शन कर बाहर आने पर ऐसा लगा कि मैं जेल से निकल रहा हूं। मैं कल से अयोध्या में हूं। यहां अच्छा लग रहा है। राममंदिर का नाम लेकर अब वोट की राजनीति नहीं होनी चाहिए। पिछले चार सालों में सरकार ने कुछ नहीं किया। अगर मामला अदालत के पास ही जाना है तो चुनाव प्रचार में राममंदिर का इस्तेमाल करना बंद कर देना चाहिए। जनता से कह देना चाहिए कि राममंदिर भी हमारे लिए एक चुनावी जुमला था।

उद्घव ठाकरे ने कहा कि संसद का एक सत्र बचा हुआ है। इसमें राममंदिर के लिए अध्यादेश लाना चाहिए। शिवसेना अध्यादेश का समर्थन करेगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि, योगी जी ने कहा था कि वहां मंदिर था, मंदिर है और मंदिर ही रहेगा। ठाकरे बोले, दुख तो इस बात का है कि मंदिर दिख नहीं रहा है। जल्द से जल्द मंदिर निर्माण होना चाहिए।

Back to top button