अमेरिकी राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने को भारतवंशियों से राय मांग रहीं तुलसी

अमेरिकी कांग्रेस में पहली हिंदू सांसद तुलसी गबार्ड देशभर के जानेमाने भारतवंशियों से एक हिंदू व्यक्ति के देश के राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने की संभावना पर राय मांग रही हैं। हालांकि गबार्ड ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है, लेकिन उनकी टीम देशभर में संभावित समर्थकों से सपर्क कर रही है।अमेरिकी राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने को भारतवंशियों से राय मांग रहीं तुलसी

तुलसी के करीबियों ने बताया कि छह से अधिक प्रतिष्ठित हिंदू-अमेरिकी नागरिकों ने बृहस्पतिवार को एक ई-मेल के जरिये देशभर में समुदाय के कुछ शीर्ष सदस्यों से इसपर राय मांगी। ई-मेल में कहा गया है कि इतिहास में पहली बार इस पद के लिए किसी हिंदू उम्मीदवार की संभावना पर गबार्ड के साथ अपने विचार साझा करने और समुदाय पर इसके असर को लेकर राय दें।

करीबियों ने यह भी बताया कि इस संबंध में एक औपचारिक घोषणा कुछ सप्ताह बाद या साल के अंत तक जारी की जा सकती है। यह भी कहा जा रहा है कि रविवार को होने वाले एक कार्यक्रम में तुलसी इस मुद्दे पर रुख स्पष्ट कर देंगी। बता दें कि हाल में ऐसी खबरें सामने आई हैं कि हवाई से 37 वर्षीय डेमोक्रेटिक सांसद 2020 में राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने पर विचार कर रही हैं। 

टिकट पाने वाली पहली हिंदू होंगी

अगर वह राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की घोषणा करती हैं, तो अमेरिका के दो बड़े राजनीतिक दलों डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन पार्टी से इस पद की टिकट पाने वाली वह पहली हिंदू होंगी। गबार्ड के साथ 12 से अधिक डेमोक्रेट हैं, जिन्हें चुनाव में पार्टी के संभावित उम्मीदवारों के तौर पर देखा जा रहा है। इनमें भारतीय मूल की सीनेटर कमला हैरिस भी शामिल हैं।
Back to top button