अमित शाह ने फूंका लहर को जीत की सुनामी बनाने का मंत्र

मिशन-2019 फतह करने के लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह देवभूमि से चुनावी महासंग्राम की रणभेरी बजा गए। शाह ने न केवल उत्तराखंड के पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा, अपितु उन्हें यह कह कर जीत का मंत्र भी दे गए कि इस बार देवभूमि से निकली लहर पूरे देश में फैलकर जीत की सुनामी में तब्दील होगी। बगैर दाग-धब्बे की केंद्र व राज्य सरकार के बूते छाती तानकर मतदाताओं तक पहुंच बना उन्हें पार्टी के पक्ष में मोड़ने की रणानीति अमल में लाने और जीत सुनिश्चित करने के लिए साठ फीसद से ज्यादा वोट हासिल करने का लक्ष्य भाजपा अध्यक्ष अपने कार्यकर्ताओं को दे गए।







यूं तो उत्तराखंड में भाजपा हमेशा से मतदाताओं के बीच गहरी पैठ रखती आई है लेकिन पिछले पांच वर्षों के दौरान तो पार्टी यहां बिल्कुल अपराजेय स्थिति में है। हालांकि उत्तराखंड में लोकसभा की केवल पांच ही सीटें हैं, लेकिन इससे इसकी अहमियत कम नहीं हो जाती। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में नमो लहर में राज्य की पांचों सीटों पर भाजपा का परचम फहराया था।