अब CAA और NRC के समर्थन में उतरे देशभर के शिक्षक…

नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में यूपी और बिहार समेत देश के कई राज्यों में हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। इसी बीच देशभर के विश्वविद्यालयों के एक हजार से अधिक शिक्षकों ने नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में बयान जारी किया है।

तमिलनाडु में एमजीआर चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पास नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ दिए। भारतीय रेलवे को नागरिकता कानून के खिलाफ हिंसक विरोध में 88 करोड़ रुपये की रेलवे संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई है।
इससे पहले नागरिकता कानून को लेकर प्रदर्शन जारी है। राष्ट्रीय जनता दल की तरफ से बुलाए गए बिहार बंद के दौरान कई जगहों पर चक्का जाम किया गया है। जबकि, कुछ जगहों पर ट्रेन का परिचालन रोक दिया गया। इसके साथ ही, दरभंगा और पटना समेत कई जगहों पर आरजेडी और कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं और जबरन दुकानें बंद कराई जा रही है।
तो वहीं, उत्तर प्रदेश में स्थिति को देखते हुए प्रशासन की तरफ से सभी स्कूल और कॉलेजों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। हालांकि, राजधानी दिल्ली में सभी मेट्रो स्टेशन सामान्य रूप से खोल दिया गया है।
इससे पहले, शुक्रवार को दिल्ली और उत्तर प्रदेश धधक उठे। आगजनी और फायरिंग में बिजनौर में दो जबकि संभल, फिरोजाबाद और मेरठ में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। दिल्ली में जामा मस्जिद के पास लोगों ने तिरंगा लेकर विरोध मार्च निकाला। भीम आर्मी ने जंतर-मंतर तक मार्च निकाला। दरियागंज इलाके में कार में आग लगा दी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों लाठीचार्ज किया और पानी की बौछार छोड़ी।





