अब विधानसभा की 90 सीटों के लिए चुनाव मैदान में बचे 1168 प्रत्याशी…..

Haryana Assembly Election 2019 में चुनावी रण की तस्‍वीर साफ हो गई है।  चुनावी रण के योद्धाओं के चेहरे साफ हो गए हैं। नामांकन वापस लेने के आखिरी दिन 523 प्रत्याशियों ने अपने परचे  वापस लिए। अब विधानसभा की 90 सीटों के लिए चुनाव मैदान में 1168 प्रत्याशी बचे हैं। विभिन्‍न दलों के बागियों ने भी काफी संख्‍या में अपने नामांकन वापस लिये, हालांकि इसके लिए उनको दिग्गजों के पसीने छूट गए। हिसार में सर्वाधिक 118 उम्मीदवार और पंचकूला में सबसे कम 24 उम्मीदवार मैदान में हैं।

हिसार में सर्वाधिक 118 उम्मीदवार मैदान में, पंचकूला में सबसे कम 24 उम्मीदवार

टिकट कटने से खफा होकर पत्नी अनीता का पर्चा भराने वाले भाजपा विधायक उमेश अग्रवाल ने अंतिम क्षणों में नामांकन वापस ले दिया। रेवाड़ी में भाजपा अपने विधायक रणधीर कापड़ीवास को नहीं मन पाई। अब वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। वहीं, जजपा के तीन उम्मीदवारों ने भाजपा में शामिल होते हुए नामांकन वापस ले लिया। हिसार में सर्वाधिक 118 उम्मीदवार बचे हैं, जबकि पंचकूला में सबसे कम 24 उम्मीदवार मैदान में हैं। दोपहर बाद नामांकन की समय-सीमा खत्म होने के बाद निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए गए।

अब 19 अक्टूबर तक धुआंधार चुनाव प्रचार, 21 को मतदान

प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए 21 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि नतीजे 24 अक्टूबर को आएंगे। चुनावी मैदान के चेहरे साफ होने के साथ ही अब चुनाव प्रचार गति पकड़ेगा। 19 अक्टूबर को चुनाव प्रचार थम जाएगा। बता दें कि इस बार कुल 1846 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा था जिनमें छंटनी के दौरान 345 उम्मीदवारों की दावेदारी निरस्त हो गई। पिछले विधानसभा चुनाव में 1351 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे।

कहां कितने सूरमा

जिला     उम्मीदवार

अंबाला  36

झज्जर 58

कैथल 57

कुरुक्षेत्र  44

सिरसा 66

हिसार 118

यमुनानगर  46

महेंद्रगढ़ 45

चरखी  दादरी 27

रेवाड़ी 41

जींद 63

पंचकूला  24

फतेहाबाद 50

रोहतक  58

पानीपत 40

मेवात  35

सोनीपत 72

फरीदाबाद 69

भिवानी 71

करनाल 59

गुडग़ांव 54

पलवल 35

ऐसे पूरा होगा लोकतंत्र का महायज्ञ

-19 हजार 442 मतदान केंद्रों पर पड़ेंगे वोट।

-13 हजार 931 मतदान केंद्र गांवों में।

-5511 मतदान केंद्र बनेंगे शहरों में।

-26 हजार 329 ईवीएम से होगा मतदान।

-27 हजार 996 वीवीपैट मशीनें।

-40 हजार 615 बैलेट यूनिट।

-19 हजार 288 स्थानों पर बनाए गए पोलिंग बूथ।

-1500 से अधिक मतदाताओं वाले 136 बूथों के लिए अलग मतदान केंद्र के लिए आयोग से सिफारिश।

-1.07 लाख सर्विस वोटर हैं प्रदेश में।

Back to top button