अब प्रदेश के सरकारी अस्पतालों को जल्द ही मिल जाएंगे 535 डेंटल सर्जन…
सिंचाई विभाग में शनिवार को 544 सहायक अभियंता को नियुकित प्रमाण पत्र प्रदान करने के बाद योगी आदित्यनाथ सरकार ने 535 डेंटल सर्जन को भर्ती किया है। प्रदेश भर के सरकारी अस्पतालों को जल्द ही डेंटल सर्जन मिल जाएंगे।
उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग ने डेंटल सर्जन के लिए शनिवार देर शाम 2017-18 का चयन परिणाम जारी कर दिया है। इसमें 535 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इसमें आयोग को आरक्षित 60 पदों के लिए योग्य अभ्यर्थी नहीं मिल सके हैं, खाली पदों को अग्रेनीत करने की संस्तुति की गई है, इन्हें अगली भर्ती में भरा जाएगा। आयोग ने साक्षात्कार पूरा होने के दस दिन के भीतर अंतिम परिणाम घोषित किया है। चयन सूची में पहले दो स्थानों पर महिला अभ्यर्थी ही हैं। वहीं, टॉप टेन में आधे पद महिलाओं ने हथिया लिया है।
यूपीपीएससी ने चिकित्सा एवं परिवार कल्याण उत्तर प्रदेश की ओर से मिले अधियाचन का विज्ञापन 2017-18 में जारी किया था। डेंटल सर्जन के 595 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे। इनमें से 300 पद अनारक्षित, 160 ओबीसी, 124 एससी व 11 पद एसटी के लिए आरक्षित थे। क्षैतिज आरक्षण के तहत 119 उत्तर प्रदेश की महिला अभ्यर्थी, 17 दिव्यांग और 11 पद उप्र के स्वतंत्रता सेनानी के लिए आरक्षित थे। इन पदों के लिए साक्षात्कार 16 से 25 अक्टूबर 2019 तक कराया गया। उप सचिव विनोद कुमार सिंह की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस भर्ती में कुल 535 अभ्यर्थियों को नियुक्ति के लिए श्रेष्ठताक्रम में चयनित किया गया है। चयन परिणाम आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है, जिसे अभ्यर्थी देख सकते हैं।
आयोग के अनुसार ओबीसी के लिए आरक्षित 30, एससी के 20 व एसटी के 10 पदों पर अभ्यर्थी नहीं मिल सके। इससे यह पद खाली रह गए हैं। इसे अग्रेनीत करते हुए फिर से विज्ञापित करने की संस्तुति की गई है। उप सचिव ने बताया कि तमाम अभ्यर्थियों का चयन औपबंधिक रूप से हुआ है उनका चयन आयोग की ओर से वांछित अभिलेख मिलने तक औपबंधिक ही रहेगा।





