अब डाइट और एक्सरसाइज की जरूरत नहीं, इस गोली से घटाएं वजन

आधुनिक जीवन में अधिकतर लोग डायबिटीज और मोटापे की समस्या से जूझ रहे हैं. मोटापे से छुटकारा पाने के लिए लोग घंटों जिम में पसीना बहाते हैं, स्ट्रिक्ट डाइट फॉलो करते हैं. लेकिन अब आप बिना डाइट और एक्सरसाइज किए भी वजन कम कर सकेंगे. दरअसल, एक नई स्टडी की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि डायबिटीज के मरीजों द्वारा ली जाने वाली दवाई वजन कम करने में अहम भूमिका निभाती है. आइए जानते हैं आखिर ये कौन सी दवाई है और किस तरह वजन कम करती है…

स्टडी की रिपोर्ट में बताया गया है कि टाइप-2 डायबिटीज से पीड़ित करोड़ों लोग मेटफोर्मिन (Metformin) दवाई लेते हैं. करीब 30 हजार लोगों पर 15 सालों तक चली स्टडी की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि टाइप-2 डायबिटीज में ली जाने वाली मेटफोर्मिन गोलियां वजन कम करने में भी मददगार साबित होती हैं.
स्टडी की रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि वजन कम करने में यह दवाई डाइट और एक्सरसाइज से ज्यादा असरदार साबित होती है.शोधकर्ताओं का मानना है कि आने वाले समय में मेटफोर्मिन (Metformin) दवाई मोटापे से पीड़ित लोगों को वजन कम करने के लिए दी जा सकती है.

स्टडी के दौरान मेटफोर्मिन (Metformin) के असर को डाइट और एक्सरसाइज से तुलना कर के देखा गया. इसके लिए लुइसियाना स्टेट यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने मोटापे से पीड़ित करीब 3,234 लोगों पर इसकी जांच की.
स्टडी में शामिल कुछ लोगों को प्लेसबो दिया गया. वहीं कुछ लोगों को एक तय डाइट और एक्सरसाइज प्लान फॉलो करने के लिए कहा गया, जबकि कुछ लोगों को दिन में दो बार 850 मिलीग्राम मेटफोर्मिन दिया गया.





