अफगानिस्तान को रौंदने के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11, क्या इस खिलाड़ी की लगेगी लॉटरी?

आईपीएल 2026 की समाप्ति के बाद अब फैंस की नजरें भारत-अफगानिस्तान टेस्ट मैच पर टिकी हैं। दोनों टीमों के बीच होने वाला एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाना है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टेस्ट मैच के लिए स्क्वाड में कुछ नए खिलाड़ियों को शामिल किया है। ऐसे में उनके ऊपर भी नजरें रहने वाली हैं।
कप्तान शुभमन गिल के लिए भी ये मैच रेड-बॉल क्रिकेट की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम होगा। भारत को श्रीलंका और न्यूजीलैंड के दौरे पर भी जाना है और ऐसे में टीम इंडिया अपनी तैयारियों को परखना चाहेगी। भारत की सलामी बल्लेबाज लगभग तय है कि यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल पारी की शुरुआत करेंगे। ऐसे में आपको बताते हैं कि प्लेइंग 11 में अन्य किन-किन खिलाड़ियों को शामिल किया जा सकता है।
भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मैच
भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच न्यू चंडीगढ़, मुल्लांपुर में खेला जाना है। मुकाबला शनिवार, 6 जून से शुरु होगा। भारतीय समयानुसार मैच सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा। इसके लिए टॉस आधे घंटे पहले यानी 9 बजे होगा।
देवदत्त पडिक्कल को मिल सकता है मौका
भारत के लिए टेस्ट मैचों में चेतेश्वर पुजारा के बाद अब तक स्थायी रूप से भारत तीसरे नंबर का बल्लेबाज नहीं ढूंढ़ सका है। टीम इंडिया ने वॉशिंगटन सुंदर, करुण नायर देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन को नंबर तीन पर आजमा चुकी है। हालांकि, अब तक कोई भी खिलाड़ी टीम मैनेजमेंट को भरोसा नहीं दिला सका है। पडिक्कल का आईपीएल 2026 शानदार रहा है और ऐसे में उन्हें नंबर तीन पर फिर से आजमाया जा सकता है। चौथे स्थान पर कप्तान शुभमन गिल खेलते हुए दिखाई देंगे।
मिडिल ऑर्डर में किसे मिलेगा मौका?
मिडिल ऑर्डर में विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर ऋषभ पंत खेलते हुए दिखाई देंगे। उनके अलावा नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और हर्ष दुबे जैसे खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है। हर्ष दुबे और मानव सुथार को लेकर कप्तान सोचना चाहेंगे कि वे किसे अंतिम एकादश में शामिल करें।
भारत की कैसी होगी गेंदबाजी?
भारत की गेंदबाजी में बात करें, तो टीम इंडिया दो तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतर सकती है। मुकाबला भारत में होगा और ऐसे में स्पिनर्स को पिच से मदद मिल सकती है। कप्तान गिल कुलदीप यादव, सुंदर और हर्ष या सुथार में से किसी एक को प्लेइंग-11 में मौका दे सकते हैं। तेज गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हो सकते हैं। हालांकि, युवा गेंदबाज गुरनूर बरार पर भी नजरें होंगी।
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग-11
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे/मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।





