अफगानिस्तान के इस अनुभवी क्रिकेटर ने किया संन्यास का ऐलान…

अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी बांग्लादेश के खिलाफ जारी चटगांव टेस्ट मैच के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे. क्रिकबज ने अफगानिस्तान टीम के मैनेजर नाजिम जार अब्दुर्रहीमजाई के हवाले से बताया, ‘हां! नबी इस टेस्ट मैच के बाद संन्यास ले लेंगे.’

ऐसा माना जा रहा है कि नबी ने यह फैसला अपने वनडे और टी-20 करियर को लंबा खींचने के लिए किया है. मौजूदा टेस्ट मैच सहित 34 साल के नबी ने अब तक केवल तीन टेस्ट मैच खेले हैं. नबी चटगांव टेस्ट की पहली पारी में शून्य पर आउट हुए. इससे पहले दो टेस्ट मैचों की चार पारियों में उन्होंने सिर्फ 25 रन बनाए. इसके अलावा उनके नाम 4 विकेट हैं.

दाएं हाथ के बल्लेबाज और ऑफ स्पिनर नबी सीमित ओवर के प्रारूप में विशेष रूप से टी-20 में एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं और वह अगले साल होने वाले टी-20 विश्व कप में अफगानिस्तान टीम का एक प्रमुख हिस्सा होंगे. अगला टी-20 विश्व कप ऑस्ट्रेलिया में होगा.

अफगानिस्तान आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का हिस्सा नहीं है, क्योंकि यह टूर्नामेंट केवल शीर्ष नौ पूर्ण सदस्य देशों के लिए है. अफगानिस्तान का अगला टेस्ट मुकाबला वेस्टइंडीज से होगा. यह टेस्ट मैच 27 नवंबर से देहरादून में खेला जाएगा.

Back to top button