अपने 40 फीसद वाहनों को Flipkart इलेक्ट्रिक व्हीकल से करेगी रिप्लेस

देश की जानी-मानी ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट (Flipkart) ने अब अपनी डिलीवरी सर्विस के लिए इलेक्ट्रिक व्हीकल का इस्तेमाल करने की घोषणा की है। देश में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए फ्लिपकार्ट का यह कदम पर्यावरण के लिए बेहद अनुकूल है। देशभर में ऑनलाइन शॉपिंग के लिए मशहूर फ्लिपकार्ट ने गुरुवार 27 जून को अपने बेड़े में इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल करने के बारे में बताया है। मार्च 2020 तक मौजूदा 40 फीसद व्हीकल की जगह पर इलेक्ट्रिक व्हीकल को जोड़ा जाएगा। शुरुआत में 2019 के आखिर तक देशभर में लगभग 160 इलेक्ट्रिक व्हीकल को शामिल करने का टारगेट रखा गया है।
फ्लिपकार्ट ने बीते माह सप्लाई चेन में इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल करने को लेकर कई टेस्ट किए, जिसके बाद यह फैसला लिया गया है। फिलहाल फ्लिपकार्ट ने हैदराबाद में 8 इलेक्ट्रिक व्हीकल, दिल्ली में 10 और बेंगलुरु में 30 ई-बाइक शामिल की हैं। फ्लिपकार्ट के इस कदम से पर्यावरण में फैलने वाले अपने 50 फीसद कार्बन उत्सर्जन को कम किया जा सकेगा।
शेयर बाजार की सपाट शुरुआत के साथ इस बैंक में आई सबसे अधिक गिरावट
अमितेष झा, सीनियर वाइस प्रेसीडेंट, ईकॉर्ट एंड मार्केटप्लेस, फ्लिपकार्ट ने कहा कि हमारी सप्लाई चेन में इलेक्ट्रिक व्हीकल की तैनाती दरअसल, सस्टेनेबिलिटी की दिशा में हमारे प्रमुख प्रयासों में से एक है। हमें अपनी सप्लाई चेन को पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए इलेक्ट्रिक फ्रेट मोबिलिटी में जबरदस्त विकास के अवसर दिखाई दे रहे हैं जो कि आने वाले समय में एक मजबूत सप्लाई चेन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि ये प्रयास हमें इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के लिए योगदान करने और पारंपरिक बिजली स्रोतों पर से निर्भरता घटाने के साथ-साथ कारोबार की कुशलता बढ़ाने में भी सहायक होंगे। इस प्रक्रिया में, हम देश में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को अपनाने के लिए इकोसिस्टम तैयार करेंगे।





