अपने करियर में सिर्फ दूसरी बार इस तरीके से आउट हुए अजिंक्य रहाणे

भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में अजिंक्य रहाणे ने 132 रनों की शानदार पारी खेली। रहाणे ने अपनी पारी में 222 गेंदों में 14 चौके लगाए। इस दौरान रहाणे को पुष्पकुमारा ने स्टंप आउट कराया। रहाणे के करियर में ये सिर्फ दूसरा मौका है जब वो स्टंप आउट हुए हैं। रहाणे इसी साल अपने करियर में दोनों बार स्टंप आउट हुए हैं। रहाणे पहली बार बेंगलुरू में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ स्टंप आउट हुए थे। रहाणे को पहली बार नाथन लायन ने स्टंप आउट करवाया था। वहीं वो अब दूसरी बार पुष्पकुमारा का शिकार बने। 
भारत की तरफ से टेस्ट में सबसे ज्यादा बार स्टंप आउट होने का रिकॉर्ड अनिल कुंबले के नाम है। कुंबले टेस्ट में कुल 6 बार स्टंप आउट हुए हैं। वहीं कुंबले के बाद फारूख इंजीनियर, वीवीएस लक्ष्मण और वीरेंद्र सहवाग के नाम 5-5 बार स्टंप आउट होने का रिकॉर्ड है। वहीं सौरव गांगुली, कपिल देव, जीएस रामचंद, वेंगसरकर, विश्वनाथ 4-4 बार स्टंप आउट हुए हैं। मौजूदा भारतीय टीम में सबसे ज्यादा स्टंप आउट होने वाले खिलाड़ी की बात करें तो यहां सबसे आगे मुरली विजय हैं। विजय अब तक अपने टेस्ट करियर में कुल (3) बार स्टंप आउट हुए हैं। वहीं रिद्धिमान साहा, ईशांत शर्मा, जयंत यादव के नाम भी 2-2 बार स्टंप आउट होने का रिकॉर्ड दर्ज है। इसके अलावा भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा अब तक टेस्ट में एक बार भी स्टंप आउट नहीं हुए हैं।
रहाणे ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 132 रनों की पारी खेली। रहाणे के अलावा चेतेश्वर पुजारा ने भी शानदार शतक लगाया। वहीं के एल राहुल, अश्विन ने अर्धशतक ठोके। खबर लिखे जाने तक रिद्धिमान साहा भी अर्धशतक के नजदीक नजर आ रहे थे और टीम इंडिया का स्कोर 500 रनों के पार पहुंच गया था।





