अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं तो नवरात्री ऐसे रखें व्रत,आपकी बनी रहेगी सेहत

इस बार 10 अक्टूबर 2018, बुधवार यानी कल से नवरात्रि प्रारंभ हो रही है, जो 18 अक्टूबर 2018, शुक्रवार तक रहेगी. हिंदू धर्म में नवरात्रि (Navratri 2018) पर देवी पूजन और नौ दिन के व्रत का बहुत महत्व होता है. व्रत का धार्मिक महत्व होने के साथ-साथ वैज्ञानिक महत्व भी है, जो स्वास्थ्य को कई तरह से फायदा पहुंचाता है. 
लेकिन अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं, तो व्रत रखते समय आपको अपनी सेहत का खास ख्याल रखने और कुछ सावधानियां बरतने की जरूरत है.
डायबिटीज के मरीजों को लंबे समय तक खाली पेट रहने से बचना चाहिए. इसलिए व्रत के दौरान समय-समय पर कुछ न कुछ खाते रहें. इस तरह डायबिटीज के मरीजों का ब्लड शुगर का स्तर नॉर्मल बना रहेगा. 
व्रत के दौरान डायबिटीज के मरीज उन्हीं चीजों का सेवन करें, जिन्हें डाइजेस्ट होने में समय लगता है, साथ ही जिनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम हो. 
डायबिटीज के मरीज हैं तो बेहतर होगा कि व्रत के दौरान समय-समय पर अपने ब्लड शुगर के स्तर की जांच करते रहें. 

अगर व्रत के दौरान डायबिटीज के मरीज कमजोरी महसूस करें तो चाय और कॉफी पीने से बचें. बेहतर होगा कि कमजोरी महसूस होने पर ऐसी चीजों का सेवन करें जो ब्लड शुगर के स्तर को नॉर्मल रखने में मददगार हों. 

अगर व्रत के दौरान डायबिटीज के मरीजों का ब्लड शुगर लेवल  70 से कम हो जाए तो उनके लिए व्रत तोड़ना ही सही होगा. 

व्रत के दौरान डायबिटीज और खासतौर पर टाइप-2 डायबिटीज के मरीज रात के खाने के लगभग 2 से 3 घंटे के बाद ही एक्सरसाइज करें. 

व्रत के दौरान ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं. इससे शरीर हाइड्रेटेड रहेगा और सेहत भी बनी रहेगी. 

डायबिटीज के मरीजों के लिए नारियल पानी बहुत फायदेमंद होता है. इसमें भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स, अमीनो एसिड, विटामिन्स, कैल्शियम, आयरन और कई दूसरे न्यूट्रिएंट्स भी शामिल होते हैं, जिनसे शरीर को एनर्जी मिलती है. इसलिए व्रत के दौरान नारियल पानी पीना फायदेमंद रहेगा. 

डायबिटीज के मरीज व्रत के दौरान हल्का खाना ही खाएं. डायबिटीज के मरीजों के लिए छाछ काफी फायदेमंद होती है. इसलिए व्रत के दौरान छाछ का सेवन जरूर करें. 

डायबिटीज के मरीज हैं तो बेहतर होगा कि व्रत रखने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें. 

Back to top button