अखिलेश से मिले जयंत, बोले भाजपा के तानाशाही रवैया के खिलाफ विपक्ष एकजुट

लखनऊ । राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के महासचिव और पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने बुधवार को राजधानी में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से भेंट की। इस दौरान उन्होंने अखिलेश से गठबंधन में अपने दल की सीटों को बढ़ाने का आग्रह किया है। अखिलेश यादव से करीब एक घंटे तक बातचीत करने के बाद जयंत ने बताया कि गठबंधन में उनके दल को लेकर लचीला रुख अपनाया गया है।
सीटों के बंटवारे को लेकर कोई पेंच नहीं : जयंत
जयंत ने कहा कि बातचीत बहुत ही सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई है। सीटों के बंटवारे को लेकर कोई पेंच नहीं है। उन्होंने साफ किया कि भाजपा के तानाशाही रवैया के खिलाफ विपक्ष एकजुट है और भाजपा को हर हाल में हराया जाएगा। सपा कार्यालय में हुई बातचीत को उन्होंने सकारात्मक बताया और कहा कि अखिलेश का रुख सहयोगात्मक रहा है। गौरतलब है कि बीती 12 जनवरी को अखिलेश यादव और मायावती गठबंधन का औपचारिक ऐलान कर चुके हैं।
‘उक़ाबी रूह जब बेदार होती है जवानों में नज़र आती है उन को अपनी मंज़िल आसमानों में’ – अल्लामा इक़बाल pic.twitter.com/MUqhTHPRni
— Jayant Chaudhary (@jayantrld) January 16, 2019
ये भी पढ़ें :-राहुल गांधी ने परिवार की परंपरा को आगे बढ़ाया, मच गया तहलका
लोकसभा की कुल 80 सीटों में से 38-38 सीटें दोनों दलों ने आपस में बांटी
इसके तहत उत्तर प्रदेश में लोकसभा की कुल 80 सीटों में से 38-38 सीटें दोनों दलों ने आपस में बांटी हैं। वहीं अमेठी और रायबरेली संसदीय सीट कांग्रेस के लिए छोड़ी गई है, जबकि दो सीटें अन्य साथियों को देने का फैसला मायावती और अखिलेश ने किया है। माना जा रहा है कि यह दो सीटें रालोद के खाते में दी गई हैं, लेकिन रालोद चाहता है कि उसके लिए सीटों की संख्या और बढ़ाई जाएं। इसी सिलसिले में जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव से मुलाकात की है ।





