अंबेडकरनगर: एक दर्दनाक हादसे में रिटायर सैन्य अफसर दंपति समेत चार की मौके पर हुई मौत

जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में रिटायर सैन्य अफसर दंपति समेत चार की मौके पर मौत हो गई। कार सवार रिटायर सैन्य अफसर मेडिकल कॉलेज इलाज कराने के लिए गए थे। वापस लौटते समय बाइक से टकराती हुई कार ईंट के ढ़ेर में जा घुसी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही चारों की मौत हो गई। 
ये है पूरा मामला
मामला सम्मनपुर थानाक्षेत्र के पलई रामनगर चौराहे के निकट खपुरा गांव का है। मंगलवार की सुबह जलालपुर तहसील क्षेत्र के बड़ेपुर गांव निवासी रिटायर सैन्य अफसर लक्ष्मीकांत उपाध्याय (65) पुत्र स्वर्गीय केदारनाथ वैगनार कार सवार अपनी पत्नी कांती (62) के साथ जिला मुख्यालय के निकट राजकीय मेडिकल कॉलेज इलाज कराने के लिए आए थे। वैगनार कार में चलाक रामराज (50) और जौनपुर जनपद निवासी कक्कू (45) भी मौजूद थे। वापस लौटते समय करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार वैगनार कार सामने से आ रहे बाइक सवार कहरा सुलेमपुर निवासी अभिषेक पुत्र श्यामलाल से टकरा गई। जिसके चलते कार अनियंत्रित होकर बगल स्थित भटठे के बाहर लगे ईंट के ढ़ेर में जा घुसी। घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही चारों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
रास्ता ब्लॉक, क्रेन की मदद कार को हटाया
मौके पर इलाकाई थाने के अलावा पुलिस के आला अफसर भी पहुंचे। वहीं, हादसे के चलते रास्ता बाधित हो गया। वाहन काे क्रेन की मदद हटवा कर रास्ते को चालू कराया गया। जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मीकांत के दोनों पुत्र बाहर रहकर नौकरी करते हैं।





