₹22 हजार के इन्वेस्ट पर मिलेंगे हर महीने ₹3 लाख, ऐसा ऑफर वाला मैसेज दिखे तो हो जाएं सावधान

आज के समय में हर कोई पैसा कमाने के शॉर्टकट तरीके अपना रहा है। कुछ लोग बिना मेहनत पैसा कमाने का जुगाड़ बनाते हैं तो कई बार कम इन्वेस्टमेंट में अधिक रिटर्न पाने का लालच रखते हैं। ये लालच लोगों को भारी पड़ सकता है। सोशल मीडिया और फोन के SMS के माध्यम से भेजी गई लिंक के माध्यम से लोगों को ठगा जा रहा है।

अब सोशल मीडिया पर केंद्रीय वित्त मंत्री के नाम पर बड़ा स्कैम प्लान किया जा रहा है। ठगों की ओर से ‘Quantum AI’ नामक फर्जी निवेश योजना के जरिए पैसे ऐंठने का काम किया जा रहा है। कई बार लोग इस योजना के बारे में बिना जाने इसमें पैसे भी इन्वेस्ट कर देते हैं।

22 हजार पर ₹3 लाख कमाने का मौका

‘Quantum AI’ नाम की फर्जी इन्वेस्टमेंट स्कीम बनाकर लोगों को भ्रमित किया जा रहा है। ठगों की ओर से पीएम मोदी और वित्त मंत्री सहित कई बड़ी हस्तियों की तस्वीरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। वायरल हो रहे इस वीडियो मैसेज में यह दावा किया जा रहा है कि सरकार की एक नई सरकारी योजना के तहत कोई भी व्यक्ति सिर्फ ₹22,000 जमा करने पर एक महीने में ₹3 लाख तक कमा सकता है।

निवेश ना करने की सलाह

PIB Fact Check ने जानकारी दी है कि ये ठगों की चाल है। सरकार की ओर से इस तरह की कोई योजना नहीं चलाई जाती है। पीआईबी ने बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री और न ही भारत सरकार किसी ऐसी निवेश योजना या प्लेटफॉर्म का समर्थन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे संदिग्ध लिंक और प्लेटफॉर्म से सतर्क रहें, जो लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से बनाए जाते हैं।

फर्जी लिंक की शिकायत करें

PIB ने साफ किया कि सरकार की ओर से ना ऐसी कोई योजना चलाई जाती है और ना ही ऐसी किसी योजना का समर्थन किया जाता है। अगर आप इस तरह का कोई मैसेज या लिंक प्राप्त करते हैं तो PIB में इसकी शिकायत भी कर सकते हैं। शिकायत के लिए वाट्सएप्प नंबर +91 8799711259 या फिर factcheck@pib.gov.in पर मेल भी कर सकते हैं।

Back to top button