हो जाएं तैयार, वैभव सूर्यवंशी का होने वाला है डेब्यू; लगान वसूलेगा 15 साल का खिलाड़ी!

आयरलैंड के हाथों भद्द पिटवाने के बाद शायद अब वो घड़ी आ गई है जिसका पूरा विश्व टकटकी लगाए इंतजार कर रहा है। 15 साल के तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू अंग्रेजों की धरती पर हो सकता है। भारत और इंग्लैंड की बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज बुधवार से शुरू हो रही है और पहले मैच में वैभव को डेब्यू का मौका मिल सकता है।
सीरीज का पहला मैच चेस्टर ली स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर खेला जाना है। आयरलैंड के खिलाफ मिली अप्रत्याशित हार के बाद विश्व विजेता टीम इंडिया वापसी को लेकर बेसब्र है और ऐसे में इंग्लैंड में अपने आप को साबित करने के लिए उतावली होगी। इसी कारण वह टीम में कुछ बदलाव कर सकती है।
वैभव इन तो आउट कौन?
आयरलैंड में वैभव को मौका देने की बात काफी उठी थी। हालांकि, उनको मौका नहीं मिला और इसी कारण टीम मैनेजमेंट की काफी आलोचना हुई। भारत को हार मिली, ऐसे में अब टीम में बदलाव की बात भी मुमकिन है और मुमकिन है वैभव का डेब्यू। लेकिन सवाल ये है कि वैभव प्लेइंग-11 में आते हैं तो बाहर कौन जाएगा? संजू सैमसन को वैभव की जगह कुर्बानी देनी पड़ सकती है। संजू आयरलैंड में दोनों मैचों में फेल रहे थे। या फिर ईशान किशन को बाहर कर संजू को तीसरे नंबर पर खिलाया जा सकता है और अभिषेक के साथ वैभव को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
बाकी बल्लेबाजी में कोई और बदलाव नहीं नजर आता है। कप्तान श्रेयस अय्यर को जरूर ज्यादा जिम्मेदारी से खेलना होगा और आयरलैंड की हार से सीख लेनी होगी। शिवम दुबे, अक्षर पटेल को भी बल्लेबाजी में अच्छे हाथ दिखाने होंगे।
इस स्पिनर को मिल सकता है मौका
टीम इंडिया को आयरलैंड में एक स्पेशलिस्ट स्पिनर की कमी खली थी। इंग्लैंड में वह इसे पूरा कर सकती है। आयरलैंड के खिलाफ दूसरे मैच में डेब्यू करने वाले सूर्यांश शेडगे को बाहर कर रवि बिश्नोई को मौका मिल सकता है। वरुण चक्रवर्ती की वापसी को लेकर अभी तक बीसीसीआई ने कोई जानकारी नहीं दी है। वह चोट के कारण आयरलैंड सीरीज से बाहर थे। बीसीसीआई ने कहा था कि वरुण अपनी चोट के ठीक होने के आखिरी चरण में हैं।
देखना होगा कि वरुण इंग्लैंड दौरे पर खेलते हैं या नहीं। अगर वह वापस आते हैं तो फिर उनका खेलना तय है, लेकिन अभी तक उनकी वापसी को लेकर किसी तरह का कोई बयान नहीं आया है।
भारत की संभावित प्लेइंग-11:-
श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव।





