हॉकी विश्व कप 2018 के उद्घाटन समारोह आज, ये बॉलीवुड सितारे बिखेरेंगे जलवे

‘मंदिरों के शहर’ भुवनेश्वर में मंगलवार को हॉकी विश्व कप 2018 के उद्घाटन समारोह के शुरू होने में महज कुछ ही घंटे बचे हैं। इसके लिए कलिंगा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम दर्शकों का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। इसके लिए पूरा स्टेडियम सज-धज कर तैयार है। हॉकी की सबसे बड़ी जंग की शुरुआत एक शानदार ओपनिंग सेरेमनी के साथ होगी। उद्घाटन समारोह का रंगारंग आगाज शाम 5: 30 बजे से शुरू होगा।
हॉकी विश्व कप के रंगारंग उद्घाटन समारोह में गीत-संगीत और नृत्य के जरिए विभिन्न कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतिया देंगे। इस उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड की नामचीन हस्तियां भी अपने जलवे विखेरेंगे। हॉकी के इस महाकुंभ में विश्व की कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो 28 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगा।
विश्व कप में 16 टीमों को चार ग्रुपों में बांटा गया है। मेजबान भारत को पूल ‘सी’ में जगह मिली है जबकि पाकिस्तान को पूल ‘डी’ में रखा गया है। इस विश्व कप में भारत अपना पहला मैच 28 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा। बता दें कि उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा माधुरी दीक्षित समेत कई कलाकार शिरकत करेंगे।





