जावेद अख्तर सहित बॉलीवुड स्टार ने जाहिर किया गुस्सा, यूपी पुलिस ने पीड़िता का किया जबरन अंतिम संस्कार

लखनऊ। यूपी के हाथरस में दलित बेटी के साथ हुई दरिंदगी को लेकर देशभर में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक हर जगह लोग इस घटना को लकर विराध कर रहे हैं। और इसी बीच दिग्गज राइटर जावेद अख्तर ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। जावेद अख्तर ने अपने ट्वीट में अप्रत्यक्ष रूप से उत्तर प्रदेश की सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।
जावेद ने लिखा कि यूपी पुलिस ने बिना परिवार की इजाजत और उनकी मौजूदगी के रात में ढाई बजे हाथरस रेप पीड़िता की बॉडी का अंतिम संस्कार कर दिया। ये हमारे लिए एक सवाल छोड़ जाता है। किस चीज से उन्हें इतना कॉन्फिडेंस मिला कि वो इतने आत्मविश्वास के साथ इस काम को करने के बाद भी बच जाएंगे। किसने उन्हें इसके लिए आश्वासन दिया?
इस घटना पर बॉलीवुड एक्टर अभिषेक बच्चन ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि ये सब रुकना चाहिए। घटियापन से भी परे। अक्षय कुमार ने ट्विटर पर लिखा कि इतनी निर्दयता हाथरस गैंगरेप में देखकर बहुत गुस्सा और फ्रस्ट्रेशन आ रही है। ये सब कब रुकेगा? हमारा कानून और उनका पालन इतना सख्त होना चाहिए कि गुनाह करने वाले सजा के बारे में सोचकर ही कांपने लगें, दोषियों को फांसी दो, अपनी बहनों और बेटियों को सुरक्षित रखने के लिए आवाज उठाओ। हम इतना तो कर ही सकते हैं।
स्वरा भास्कर ने लिखा कि हाथरस के घिनौने, दिल को दहला देने वाले सामूहिक बलात्कार की पीड़िता.. एक और निर्भया ने आज सुबह दम तोड़ दिया.. हमारी हैवानियत का कोई अंत नहीं है। हम एक बीमार अमानवीय समाज बन चुके हैं। शर्मनाक, दुःखद, इस घटना पर रितेश देशमुख, ऋचा चड्ढा, फरहान अख्तर, स्वरा भास्कर और यामी गौतम जैसे अन्य कई सितारों ने भी ट्वीट करके आक्रोश व्यक्त किया है।
बता दें कि इस घटना में उत्तर प्रदेश पुलिस का अमानवीय चेहरा सभी के सामने आ रहा है। मंगलवार की देर रात जब युवती के शव को हाथरस ले जाया गया, तो तमाम विरोध के बाद भी पुलिस ने जबरन उसका अंतिम संस्कार कर दिया। जब पुलिस पहुंची तो आधी रात को भी बड़ी संख्या में भीड़ मौजूद थी, इस दौरान पुलिस का भारी विरोध किया गया।
परिजनों को नहीं दिया युवती का शव
युवती के परिजनों और गांव वालों ने पुलिस से शव देने की अपील की, साथ ही इंसाफ की अपील की. लेकिन पुलिस ने परिजनों की एक ना सुनी और किसी को भी युवती के शव के पास नहीं आने दिया और जबरन खुद ही अंतिम संस्कार कर दिया. इतना ही नहीं, यूपी पुलिस ने किसी मीडियाकर्मी को भी पास नहीं आने दिया.





