हरियाणा की राजनीति में आ सकता है बदलाव चौटाला परिवार में हो सकती है एकजुटता कायम….

हरियाणा की राजनीति में जल्‍द ही बड़ा बदलाव दिख स‍कता है। राज्‍य में चौटाला परिवार को एक बार फिर एकजुट करने की कोशिश शुरू हो गई है। हरियाणा की सर्वखाप पंचायत ने इंडियन नेशनल लोकदल और जननायक जनता पार्टी को एकजुट करने का बीड़ा उठाया है। खाप की बैठक में रविवार को फैसला किया गया कि अजय चौटाला व उनके बेटे दुष्‍यंत चौटाला का अभय चौटाला से विवाद को समाप्‍त कर इनको फिर एक साथ लाया जाएगा। इस पर अभय चौटाला ने सकारात्‍मक रुख दिखाया है। अभय ने कहा है कि बड़े भाई अजय चौटाला जो कहेंगे वह उन्‍हें मंजूर हाेगा। 5 सितंबर को खाप पंचायत इस बारे में अंतिम फैसला करेगी।

सर्वखाप पंचायत के प्रतिनिधि अभय चौटाला से मिले, 5 सितंबर को अंतिम निर्णय

नई दिल्ली में 11 मीना बाग में अभय सिंह चौटाला की कोठी पर सर्वखाप पंचायत की बैठक हुई। हरियाणा की सर्वखाप पंचायत ने इंडियन नेशनल लोकदल और जननायक जनता पार्टी (चौटाला परिवार) को एकजुट करने का बीड़ा उठाने का ऐलान किया। बैठक के दौरान अभय चौटाला भी मौजूद थे। अभय ने कहा कि पंचायत का जो फैसला होगा वह उन्‍हें मंजूर होगा। खाप पंचायत के प्रतिनिधियों ने बताया कि दुष्‍यंत चौटाला 3 सितंबर को अपने पिता अजय चौटाला से बात करके खाप को अपना जवाब  देंगे। इसके बाद 5 सितंबर को खाप पंचायत  की अहम बैठक होगी।

बैठक करते खाप नेता।

बैठक के बाद खाप खाप नेता रमेश दलाल ने कहा कि हमने अभय चौटाला से मुलाकात की थी। हमारी मुहिम चौटाला परिवार को एक करने की है। विपक्षी दलों को महागठबंधन में लाने की है ताकि हरियाणा से नया संदेश देश को मिले। अभय चौटाला ने खाप के फैसले पर सहमति जताई है। इससे पहले खाप प्रतिनिधियों ने अजय चौटाला से मुलाकात की थी।

उन्‍होंने बताया कि अजय चौटाला ने आज की मीटिंग तय की थी, लेकिन व्‍यस्‍तताओं के चलते दुष्यंत चौटाला आज मीटिंग में नहीं आ पाए। दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि 3 सितंबर को वह अपने पिता अजय चौटाला से तिहाड़ जेल में मुलाकात करेंगे और इसके बाद अपना जवाब देंगे। खाप पंचायत ने दुष्यंत चौटाला को 4 तारीख तक का समय दिया है। खाप पंचायत ने दुष्यंत चौटाला को पत्र भी लिखा है। खाप नेता सुरेंद्र दहिया ने कहा कि अभय चौटाला ने खाप फैसले पर सहमति जताई है। ऐसे में हमारी कोशिश है चौटाला परिवार एक हो जाए। इससे हरियाणा की राजनीति में बड़ा बदलाव आएगा।

दूसरी ओर, खाप पंचायत के प्रतिनिधियों से मिलने के बाद अभय सिंह चौटाला ने बड़ा बयान दिया। अभय ने कहा कि खाप और समाज का हर फैसला मुझे मंजूर है। मुझे किसी अगली तारीख पर बुलाने की जरूरत नहीं है खाप और समाज‌ का जो फैसला हाेगा वह पूरी तरह से मंजूर होगा।

खाप नेताओं से बातचीत के बाद प्रतिक्रिया देते अभय चौटाला।

अभय ने कहा कि महागठबंधन करने को लेकर भी पंचायत का फैसला मुझे मंजूर होगा। मैंने दोनों परिवारों के एक होने का फैसला बड़े भाई अजय‌ सिंह चौटाला पर छोड़ा था। जब अजय चौटाला जेल से आए हुए थे तब भी मैंने कहा था आप एक बार सार्वजनिक तौर पर अपनी जुबान से कहो अभय को यह करना है मैं वह करने के लिए तैयार हूं। मेरी तरफ से न पहले कोई अड़चन थी न आज है और न आगे रहेगी। अब फैसला अजय सिंह को करना है। अजय जो भी फैसला करेंगे वह मुझे मंजूर होगा। मैंने पब्लिक की बात पर मुहर लगा दी है फैसला उनको करना है।

दुष्‍यंत चौटाला बोले- खाप नेताओं का फोन आया था, पिता से बात करुंगा

दूसरी ओर, जननायक जनता पार्टी के संयोजक एवं हिसार के पूर्व सांसद दुष्यंत सिंह चौटाला ने खाप नेताओं से बातचीत का प्रस्ताव मिलने की पुष्टि की है। उन्‍होंने कहा, हां खाप नेताओं का फोन आया था। मैं इस बारे में अपने पिता डा. अजय सिंह चौटाला से बात करूंगा। साथ ही संगठन के लोगों तथा प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ रायशुमारी की जाएगी। इसके बाद किसी तरह के निर्णय पर पहुंचकर खाप नेताओं को अवगत करा दिया जाएगा।

Back to top button