सीने में जलन की शिकायत पर लगाया इंजेक्शन हुई मौत, बाद में परिजनों ने किया ऐसा

ग्वालियर .हजीरा स्थित चार शहर का नाका रोड पर जय मां पीतांबरा हॉस्पिटल में सीने-पेट में जलन की शिकायत पर इलाज कराने पहुंचे जिला कोर्ट के कर्मचारी केशव सिंह राजपूत (45) निवासी गदाईपुरा की इंजेक्शन लगाने के बाद मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजन व आसपास के लोगों ने जय मां पीतांबरा हॉस्पिटल में तोड़फोड़ कर दी। पहले चार शहर का नाका चौराहे पर शव रखा और फिर हजीरा चौराहे पर मांगों को लेकर चार घंटे चक्काजाम कर दिया। पुलिस व प्रशासन के अफसरों के आश्वासन व तात्कालिक आर्थिक सहायता के बाद जाम खुला। 

सीने में जलन की शिकायत पर लगाया इंजेक्शन हुई मौत

– हजीरा थाना पुलिस ने बताया कि जिला कोर्ट में चपरासी केशव सिंह राजपूत सुबह 9 बजे करीब घर से ड्यूटी को निकल रहे थे। तभी उन्हें सीने व पेट में जलन महसूस हुई तो चार शहर का नाका रोड स्थित जय मां पीतांबरा हॉस्पिटल में दिखाने चले गए।

– यहां उन्हें एसीलॉक के दो इंजेक्शन और सौबट्रेट दिल के दर्द की टैबलेट दी गई। हालत बिगड़ने लगी तो ने उन्हें बिरला हॉस्पिटल ले जाने को कहा। जहां डॉक्टरों ने उन्हें डेड घोषित कर दिया। पीड़ित परिवार को मंत्री जयभान सिंह पवैया की ओर से 20 हजार, कांग्रेस नेता सुनील शर्मा ने 11 हजार की मदद की घोषणा की।

– जय मां पीतांबरा अस्पताल के डायरेक्टर जेएएच के सहायक अधीक्षक डॉ. जितेंद्र सिंह नरवरिया हैं। यहां डॉ. अनिल सिंह राजपूत सहित कई डॉक्टर सेवाएं देते हैं।

अब हम किसके सहारे जिएंगे पापा

– केशव सिंह के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटी शीतल 14, कंचन 15 और छोटा बेटा देवराज है। केशव के कोई भाई भी नहीं है जो परिवार काे संभाल पाए। घटनास्थल पर केशव की बेटी कंचन रो-रोकर यही कह रही थी कि पापा के जाने के बाद हमें कौन देखेगा,वही सबको संभालते थे। डॉक्टर ने मेरे पापा की जान ले ली।

दो जगह चक्काजाम: 4 घंटे ट्रैफिक ठप, परेशान हुए लोग

– गुस्साए लोगों ने पहले चार शहर का नाका पर चक्काजाम किया। यहां सीएसपी देवेंद्र सिंह कुशवाह ने समझाने की कोशिश की लेकिन परिजन नहीं माने। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग के साथ हजीरा चौराहा पर शव रख चक्काजाम कर दिया।

– परिजन की मांग थी कि डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई हो, अनुकंपा नियुक्ति दी जाए, सरकार से मुआवजा मिले और वीडियोग्राफी में डॉक्टर के पैनल में पोस्टमार्टम हो। 4 बजे के बाद एसडीएम एचबी शर्मा पहुंचे और तत्काल रेडक्रॉस से 10 हजार, दो लाख आर्थिक मदद का प्रस्ताव व नियमानुसार अनुकंपा नियुक्ति सहित पैनल में पीएम की मांग मानी,तब जाकर जाम खुला और शव रवाना किया।

पैनल ने किया पीएम

-जेएएच के फॉरेंसिक विभाग के डॉ सीएस वाघमारे, डॉ सार्थक जुगलान व डॉ एमएल माहौर के पैनल ने केशव के शव का पोस्टमार्टम किया। हार्ट का साइज थोड़ा बदला दिखा है और शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत बताई जा रही है।

एसीलॉक इफेक्ट नहीं, अटैक आया होगा 

बिरला हॉस्पिटल में पदस्थ सीनियर डॉक्टर जय माथुर ने बताया कि एसीलॉक और सौबट्रेट के इफेक्ट से जान नहीं जा सकती है, संभावित मरीज को हार्ट अटैक ही आया होगा। एसीलॉक पेट में गैस व जलन के लिए है और सौबट्रेट टैब सीने में दर्द के दौरान दी जाती है। 

इसे भी देखें:- डांसर हर्षिता ने जीजा से बदला लेने के लिए, चुना था ये खौफनाक रास्ता

परिजन का आरोप गलत 

केशव सिंह को सीने में दर्द व जलन की शिकायत थी जिसपर एसीलॉक इंजेक्शन व टैबलेट दी गई। इलाज में लापरवाही या गलत दवा नहीं दी गई। मैं ट्रस्ट के माध्यम से अस्पताल चलाता हूं, मरीज के परिजन का आरोप गलत है। 

जांच करानी पड़ेगी 

डॉ जितेंद्र नरवरिया नॉन प्रैक्टिरेक्टिसिंग एलाउंस लेते हैं या नहीं ये पता करना होगा। यह जानकारी डीन ऑफिस में मिलेगी। सरकारी डॉक्टर वैसे निजी अस्पताल नहीं चला सकता।

Back to top button