सीतापुर में ऑक्सीजन न मिलने से बच्ची ने दम तोड़ा, परिवारीजनों ने किया हंगामा

गोरखपुर में ऑक्सीजन सिलेंडर न मिलने से मारे गए लोगों का मामला अभी थमा भी नहीं था कि सीतापुर के लहरपुर सीएचसी में रविवार को ऑक्सीजन न मिलने से एक बालिका ने दम तोड़ दिया। इससे गुस्साए परिवारीजनों ने जमकर बवाल किया।
सीतापुर में ऑक्सीजन न मिलने से बच्ची ने दम तोड़ा, परिवारीजनों ने किया हंगामा
उनका आरोप था कि ऑक्सीजन न मिलने से बालिका की सांसें थम गईं। उधर, स्वास्थ्य विभाग के अफसरों का कहना है कि सीएचसी में ऑक्सीजन मौजूद थी। बच्ची के परिवारीजन उसे मृत हालत में अस्पताल लाए थे।

ये भी पढ़े: पीएम मोदी को मिले ऐसे-ऐसे सुझाव- इस तरह करेंगें स्वतंत्रता दिवस को संबोधन

लहरपुर के नई बस्ती निवासी फिरोज की पुत्री रमसा (5) डायरिया से पीड़ित थी। परिवारीजन रविवार को उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां पर कुछ देर बाद ही परिवार ने हंगामा शुरू कर दिया। परिवार का कहना था कि वे सुबह पांच बजे बालिका को लेकर सीएचसी पहुंचे थे। रमसा डायरिया की शिकार थी और उसे सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी।

दो घंटे बाद मिले डॉक्टर, बोले- ऑक्सीजन नहीं बाहर जाओ

अस्पताल में डॉक्टर ही नहीं मिले, इससे बालिका की हालत बिगड़ती चली गई। बार-बार कहने पर भी अस्पताल प्रशासन ने बालिका को ऑक्सीजन नहीं लगाया। परिवारीजनों ने बताया कि करीब दो घंटे बाद डॉक्टर शमशुल मिले, जिन्होंने बालिका को देखा।

इसके बाद डॉक्टर ने ऑक्सीजन उपलब्ध न होने की बात कहते हुए सीतापुर जिला अस्पताल जाने को कहा। बहुत जोर देने के बाद एंबुलेंस से ऑक्सीजन लाई गई, लेकिन तब तक बालिका की सांसें थम चुकी थीं।

सीएमओ डॉक्टर ध्रुवराज सिंह ने बताया कि हर जगह ऑक्सीजन उपलब्‍ध है। लहरपुर मामले में परिवार झूठा आरोप लगा रहा है। वहीं, लहरपुर सीएससी डॉक्टर शमशुल ने बताया कि जब मृत बालिका को ऑक्सीजन लगाने से मना किया, तब परिवार ने बेवजह ही हंगामा शुरू कर दिया।

 
Back to top button