सीतापुर के अस्पतालों में व्यवस्था चाक-चौबंद, सीएमओ बोले- भीड़ बढ़ने से हुई समस्याएं

सीतापुर। कोविड एल 1 खैराबाद अस्पताल में फैली अव्यवस्थाओं को लेकर वायरल हुए वीडियो के बाद जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी ने गंभीरता से लेते हुए औचक निरीक्षण किया था। डीएम के निर्देश पर सीएमओ डाॅ आलोक वर्मा ने यहां भर्ती रोगियों को होने वाली दिक्कतों के संबंध में जानकारियां प्राप्त की।
अस्पताल प्रभारी को कोविड 19 प्रोटोकाल का सही ढंग से पालन करने और मरीजों को समस्त सुविधाएं उपलब्ध कराने का आदेश दिया। जिसका असर भी दिखाई देने लगा है। बता दें कि यहां भर्ती मरीज ने वार्ड की अव्यवस्थाओं को लेकर एक वीडियो वायरल कर दिया था। रोगियों का आरोप था कि वार्ड में साफ सफाई का ध्यान नहीं दिया जा रहा। सोशल डिस्टेंसिग का पालन नही हो रहा था। इसके अलावा रोगियों को जमीन पर गद्दे बिछाकर लिटाया जा रहा था। बेड शीट भी नहीं दी जा रही थी।
शौंचालय गंदे हैं आदि समस्याओं को गिनाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी और सीएमओ डाॅ आलोक वर्मा ने जिले के सभी कोविड अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर रोगियों की शिकायतों का निस्तारण कराते हुए व्यवस्थाओं को चुस्त दुरुस्त कराया। इसको लेकर सीएमओ ने रोगियों का एक वीडियो बनाकर मीडिया को भेजा है। सीएमओ का कहना है कि कोविड अस्पताल में अचानक भीड़ बढने की वजह से कुछ दिक्कतें हुई, उनका निराकरण करा दिया गया है।





