सीएम सम्राट ने किया अभ्यास, कहा- स्कूलों में पढ़ाया जाएगा इसका पाठ्यक्रम; योग दिवस पर किया बड़ा एलान

पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने योग को स्कूल पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अगले वर्ष से योग को पाठ्यक्रम में शामिल करने की दिशा में पहल का ऐलान किया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को राजधानी पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में बिहार सरकार ने योग को लेकर बड़ा संकेत दिया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से स्कूलों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल करने का आग्रह किया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अगले वर्ष से योग को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने की दिशा में कदम उठाएगी। इसके बाद सम्राट चौधरी ने भी योग किया।
क्या बोले सीएम सम्राट
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य सांस्कृतिक विरासत है। यह स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बिहार सरकार अगले वर्ष से राज्य के स्कूलों और कॉलेजों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल करेगी। उन्होंने कहा कि बिना किसी खर्च के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए योग सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा व्यक्ति तनावमुक्त और ऊर्जावान जीवन जी सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज दुनिया के अनेक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। योग ने भारत की सांस्कृतिक विरासत को विश्व मंच पर नई प्रतिष्ठा दिलाई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी दिनचर्या में नियमित योग को शामिल करें। प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालने से जीवन स्वस्थ, खुशहाल और दीर्घायु बन सकता है। आगे सीएम ने कहा कि बिहार सरकार खेल, स्वास्थ्य और युवा कल्याण को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सभी बिहारवासियों और देशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ एवं निरोग जीवन की कामना की।
स्कूलों में प्रतिदिन आधे घंटे का योग सत्र होना चाहिए
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा, “मैं देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मैंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि बिहार के सभी स्कूलों और कॉलेजों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल किया जाए। प्रतिदिन आधे घंटे का योग सत्र होना चाहिए, जिसमें योग, ध्यान और योग निद्रा को शामिल किया जाए। हालांकि इसे अनिवार्य नहीं बनाया जाएगा, बल्कि वैकल्पिक रखा जाएगा, ताकि छात्र अपनी इच्छा से इसमें भाग ले सकें या न लें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विशेष आभार, क्योंकि उनके प्रयासों के कारण संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी। आज योग पूरी दुनिया में लोकप्रिय हो रहा है और इससे लोगों को आध्यात्मिक रूप से भी काफी लाभ मिल रहा है।





