सीएम योगी ने 150 लोगों की सुनीं समस्याएं, बोले- घबराने की जरूरत नहीं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान करीब 150 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने मस्तिष्क आघात से पीड़ित पति के ऑपरेशन के लिए मदद मांगने पहुंची महिला को उपचार में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। पति के इलाज में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी और विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

अधिकारियों को समाधान के दिए निर्देश
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बैठे लोगों के पास पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रार्थना पत्र लेकर अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने एक बीमार महिला को समुचित उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाए। शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाएगी।

अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश
अपराध और जमीन पर कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में अपने बच्चों के साथ आई महिलाओं के बच्चों को मुख्यमंत्री ने दुलार किया और चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया।

Back to top button