सीएम योगी के बयान पर ओवैसी का पलटवार, कहा- भगाये नहीं गए थे ‘निजाम’

मलकपेट में योगी आदित्यनाथ के दिए बयान पर AIMIM के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ‘आप तारीख को जानते नहीं, हिस्ट्री में जीरो हैं आप. अगर पढ़ना नहीं आता है तो पढ़ने वाले से पूछो. अगर पढ़ते तो मालूम होता कि निजाम हैदराबाद छोड़ कर नहीं गये, उनको राजप्रमुख बनाया गया था. चीन से जंग हुई तो यही निजाम ने अपना सोना बेच दिया.’ 
ओवैसी ने आगे कहा कि क्या ये मुल्क आपका है, मेरा नहीं है? क्या बीजेपी के खिलाफ बोलना, पीएम मोदी के खिलाफ बोलना, उनकी नीति की आलोचना करना, RSS के खिलाफ बोलना, सीएम योगी के खिलाफ बोलने पर मुल्क से भगा दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश छोड़कर यहां आए और कहा कि निजाम की तरह मुझे भगा देंगे. मैं पूछना चाहता हूं कि ये भगाने की बात आपलोग कब से कर रहे हैं.
सीएम योगी पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने कहा कि आपके संसदीय क्षेत्र में हर साल 150 बच्चे मरते हैं. आपके संसदीय क्षेत्र के अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से बच्चों की मौत होती है. लेकिन, आपको वहां की फिक्र नहीं है. आप प्रचार के लिए दूसरे राज्य में आ रहे हैं और प्रचार के नाम पर नफरत की दीवार खड़ी करने की कोशिश कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि बीजेपी का मॉडल है हिंदू-मुस्लिम. बीजेपी के सभी नेता भाषण देने आते हैं, लेकिन उनके पास बोलने के लिए कुछ भी नहीं है. पूरे भाषण में वे ओवैसी और AIMIM की बात करते रहते हैं. मैं बीजेपी प्रमुख अमित शाह से पूछना चाहता हूं कि उन्होंने अब तक साढ़े चार साल में क्या किया है. ऐसा कौन सा काम था जो आप करना चाहते थे, लेकिन इन चार सालों में नहीं कर पाए.
योगी आदित्यनाथ ने रविवार को तेलंगाना में चार सभाओं को संबोधित किया. गोशामहल में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर मुस्लिम तुष्टीकरण नहीं होता देश के अंदर कोई भी आतंकी घटना घटित होती है तो उसके तार इस हैदराबाद से जुड़ते हुए नहीं दिखाई देते. मैं यहां के लोगों को आश्वस्त करता हूं कि जैसे हमने सरदार पटेल का सबसे बड़ा स्मारक बनाने का कार्य करवाया उसी तर्ज पर निजामशाही से मुक्त का अभियान चलाएंगे और उस दिन को मनाने का कार्यक्रम यहां पर होना चाहिए. ये बीजेपी का संकल्प है.





