साइना: लगता है मेरा करियर अब खत्म हो गया

घुटने की सर्जरी के बाद वापसी की कोशिशों में जुटी शीर्ष भारतीय शटलर साइना नेहवाल का कहना है कि कभी-कभी मुझे लगता है कि चोटों के कारण मेरा करियर अब खत्म हो गया। साइना को हाल ही में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की एथलेटिक्स कमीशन की सदस्य बनाया गया है।00

हैदराबादी शटलर 15 नवंबर से शुरू हो रही चाइना सुपर सीरीज से कोर्ट पर वापसी करेंगी। 26 वर्षीय साइना को रियो ओलंपिक में भाग लेने जाने से एक हफ्ते पहले घुटने में दिक्कत हुई थी। इसी चोट के चलते वह खेलों के इस महाकुंभ के दूसरे ही दौर में हार कर बाहर हो गईं थीं।

साइना ने कहा, ‘ठीक ही है, कई लोग मान रहे हैं कि मेरा करियर खत्म हो गया है और मैं वापसी नहीं कर पाऊंगी। मेरे भी मन में कई बार यही विचार उठते हैं, कि संभव है मेरा करियर यहीं खत्म हो जाए। तो देखते हैं, आगे क्या होता है। कुछ भी हो सकता है, जिसे हम-आप अभी नहीं जान सकते।

अगर लोग यह सोच रहे हैं कि मेरा करियर खत्म हो चुका है, तो मैं बेहद खुश हूं। एक तरह से यह अच्छा ही है। लोग मेरे बारे में बहुत सोचते हैं, संभव है अब वे न सोचें। मेरे लिए अभी सबसे बड़ी बात अपना खयाल रखना और पूरी तरह स्वस्थ होना है, क्योंकि यह सब बहुत पीड़ा देने वाला है।’

लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साइना ने कहा मैं अभी सिर्फ अगले एक वर्ष के बारे में सोच रही हूं। योजना वर्ष दर वर्ष के हिसाब से बनती है। मैं अगले पांच-छह वर्षों के लिए कोई लक्ष्य नहीं बना रही। मेरा मन अगले एक-दो वर्ष में बदल सकता है। एक टूर्नामेंट जीतने की खुशी इतनी नहीं होती है, जितना दर्द चोट से होता है।

 

Back to top button