सराय रोहिल्ला थाना पुलिस ने झपटमारी करने वाले एक युवक और युवती को किया गिरफ्तार

सराय रोहिल्ला थाना पुलिस ने झपटमारी करने वाले एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। युवक बाइक और स्कूटी चलाता था और पीछे बैठी युवती झपटमारी की घटना को अंजाम देती थी। युवती का नाम चांदनी है, वह सराय फूस के डीडीए फ्लैट में रहती है।
वहीं युवक का नाम मोना है और वह राणा प्रताप नगर के संगम पार्क में रहता है। दोनों के पास से झपटमारी में काम ली जाने वाली स्कूटी और झपटा गया मोबाइल बरामद हुआ। उनकी निशानदेही पर एक बाइक और दो मोबाइल भी बरामद हुए हैं।
डीसीपी उत्तरी जिला नुपूर प्रसाद के मुताबिक 23 जुलाई को एक युवती ने सराय रोहिल्ला थाने में ई-एफआइआर कराई कि वह बस स्टेंड पर खड़ी हुई थी। तभी बाइक सवार एक युवती ने उसका फोन झपट लिया। बाइक को युवक चला रहा था।
युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। इसके बाद कुछ फुटेज को अलग करने के बाद युवती को पहचान करने के लिए बुलाया।
युवती ने एक स्कूटी पर जा रहे युवक और युवती की पहचान झपटमारी करने वालों के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। बृहस्पतिवार को पिकेट जांच के दौरान इन दोनों झपटमारों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।





