सबरीमाला में दो महिलाओं ने भगवान अयप्पा के दर्शन करके तोड़ सालों पुरानी परंपरा

पेशे से वकील बिंदु और सामाजिक कार्यकर्त्ता कनकदुर्गा ने बताया कि उन्होंने पुरुषों के कपड़ों में मंदिर में प्रवेश करके दर्शन किया। दोनों के मुताबिक इस दौरान दर्जन भर पुलिस कर्मी भी सिविल ड्रेस में उनके साथ मौजूद रहे।
बिंदु पेरिन्थालमन्ना और कनकदुर्गा कन्नूर की रहने वाली है। दोनों महिलाओं की उम्र 40 साल के करीब बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि दोनों महिलाओं ने पिछले महीने भी मंदिर में प्रवेश का प्रयास किया था मगर भारी विरोध के बीच वह नाकाम रही थी। तब पुलिस ने इन्हें मंदिर से दो किमी की दूरी पर ही रोक लिया था।
रिपोर्ट की मानें तो दोनों महिलाएं एम्बुलेंस में मंदिर तक पहुंची। दोनों महिलाओं के दर्शन के लिए पुलिस ने पहले से इंतजाम किये हुए थे। पुलिस ने दोनों के दर्शन का वीडियो भी जारी किया है। प्रदेशभर में हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
वहीं राज्य के मुख्यमंत्री पी. विजयन ने कहा कि हमने पुलिस को दर्शन करने की इच्छा रखने वाली महिलाओं को सुरक्षा देने का आदेश दिया था।
वहीं त्रावणकोर मंदिर देवस्थानम बोर्ड के अध्यक्ष पद्मकुमार ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से हुई है। वह सीसीटीवी फुटेज की जांच करेंगे। इधर मंदिर के तंत्री ने भी अभी कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया है।





