सबरीमाला को लेकर और भड़की हिंसा, भाजपा और सीपीआईएम नेता के घर बम से हमला

सीपीआई(एम) के विधायक एएन शमशीर के कन्नूर स्थित घर पर शुक्रवार रात को बम से हमला किया गया था। इस घटना के पीछे कथित तौर पर आरएसएस के सदस्यों का हाथ बताया जा रहा है। यह घटना राज्य में सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश को लेकर जारी हिंसा के बीच हुई है। इस मामले में पुलिस ने 20 लोगों को गिरफ्तार किया है।सबरीमाला को लेकर और भड़की हिंसा, भाजपा और सीपीआईएम नेता के घर बम से हमला

इसके अलावा सीपीएम के पूर्व जिला सचिव पी शशि के घर और भाजपा के राज्यसभा सांसद वी मुरलीधरन के पैतृक घर पर भी स्वदेशी बम से आधी रात को हमला किया गया। विधायक के थल्लासेरी के नजदीक मडप्पीडिका स्थित घर पर देसी बम से हमला किया गया। इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ लेकिन एक पानी का टैंक और कुछ फूलों के गमले क्षतिग्रस्त हो गए। शमशीर का आरोप है कि आरएसएस के लोग इस हमले के पीछे हैं और संघ के बड़े नेता इस षड्यंत्र का हिस्सा हैं।

थल्लासेरी विधानसभा का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक घटना के समय घर में नहीं थे। उस समय वह सीपीआई(एम) और आरएसएस के नेताओं की एक शांति बैठक में हिस्सा ले रहे थे। थल्लासेरी में पिछले दो दिनों में सीपीआई(एम) के नेताओं के घरों पर हमलों की श्रृंखला को अंजाम दिया गया है और इसके पीछे आरएसएस का हाथ बताया जा रहा है।

50 साल की दो महिलाओं ने सबरीमाला मंदिर की बरसों पुरानी परंपरा को तोड़ते हुए भगवान अयप्पा के दर्श किए। उच्चतम न्यायालय द्वारा सभी उम्र की महिलाओं को मंदिर में प्रवेश करने की अनुमति देने बाद पहली बार ऐसा हुआ था। राज्य एक युद्ध क्षेत्र में तब्दील हो चुका है। राइट विंग के सदस्य महिलाओं के मंदिर में प्रवेश करने को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि मलाबार देवास्वम (मंदिर प्रशासन) बोर्ड के सदस्य के शशिकुमार के कोझिकोड के पराम्ब्रा स्थित घर पर भी शुक्रवार को बम से हमला किया गया था। इसी तरह की घटना को पथानमिट्टा के अदूर स्थित एक मोबाइल दुकान पर अंजाम दिया गया था।

Back to top button