श्रीनगर में अंतरराष्ट्रीय बायर-सेलर मीट से बढ़ेगा निर्यात, उमर अब्दुल्ला ने जताई उम्मीद

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि श्रीनगर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बायर-सेलर मीट से केंद्र शासित प्रदेश के उत्पादों के निर्यात को वैश्विक बाजार में नई पहचान मिलेगी।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश के उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं।
उन्होंने श्रीनगर स्थित एसकेआईसीसी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बायर-सेलर मीट का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि निर्यात बढ़ाने के दो तरीके हैं या तो कारीगरों को बाहर ले जाया जाए या खरीदारों को यहां लाया जाए।
चूंकि सभी कारीगरों को बाहर ले जाना संभव नहीं है, इसलिए यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस कार्यक्रम में 16 देशों से 40 खरीदार शामिल हुए हैं, जो अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, उत्तरी अमेरिका, यूरोप और एशिया जैसे कई महाद्वीपों से आए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ प्रतिभागी युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण नहीं आ सके लेकिन उम्मीद है कि अगले आयोजन में वे भी शामिल होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि यह दो दिवसीय आयोजन प्रशिक्षण और सहयोग पर भी केंद्रित है, ताकि मौजूदा निर्यातकों को अपने व्यापार को बढ़ाने और नए लोगों को निर्यात क्षेत्र में आने के लिए प्रेरित किया जा सके।
पर्यटन के आंकड़ों पर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे संख्या में नहीं जाना चाहते लेकिन राज्य में पर्यटकों की अच्छी आमद हो रही है और गुलमर्ग और पगलगाम जैसे पर्यटन स्थल पूरी तरह भरे हुए हैं।
मध्य पूर्व की स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि ईरान और अमेरिका के बीच हुए समझौता ज्ञापन को कोई तीसरा देश बाधित नहीं करेगा और दोनों पक्ष शांति की दिशा में आगे बढ़ेंगे।





