‘शेर-ए-कश्मीर’ को नमन, शेख मोहम्मद अब्दुल्ला की 44वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा सम्मान

नेशनल कॉन्फ्रेंस के संस्थापक शेख मोहम्मद अब्दुल्ला की 44वीं पुण्यतिथि पर फारूक और उमर अब्दुल्ला ने नसीमबाग स्थित उनकी मजार पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के संस्थापक और ‘शेर-ए-कश्मीर’ के नाम से मशहूर शेख मोहम्मद अब्दुल्ला की 44वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हजरतबल स्थित नसीमबाग में उनकी मजार पर पहुंचकर पुष्प अर्पित किए।
इस दौरान शेख मोहम्मद अब्दुल्ला की याद में विशेष दुआ और नमाज भी अदा की गई। उन्हें जम्मू-कश्मीर के सामाजिक और आर्थिक विकास में योगदान के लिए याद किया गया। खास तौर पर लैंड टू द टिलर एक्ट जैसे फैसलों का उल्लेख किया गया, जिन्हें किसानों और आम लोगों के हित में महत्वपूर्ण माना जाता है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और नेशनल कॉन्फ्रेंस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। पार्टी ने सोशल मीडिया पर शेख मोहम्मद अब्दुल्ला के नेतृत्व और उनकी विरासत को याद करते हुए कहा कि लोगों के अधिकारों और आकांक्षाओं के लिए उनका समर्पित जीवन आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।





