शिवसैनिकों ने कश्मीर पर कर दी चढ़ाई, कहा- अभी ख़त्म करें धारा 370

नई दिल्ली: कश्मीर में आतंकवाद और धारा 370 के विरोध में शिवसैनिकों ने कश्मीर पर चढ़ाई कर दी है। शिव सैनिकों का कहना है कि कश्मीर में सरकार को सस्पेंड करके राज्यपाल शासन लगाया जाए और धारा – 370 को तुरंत खतम किया जाए।
31 शिवसैनिकों को पुलिस ने औपचारिक तौर पर लखनपुर थाने में रखा। बाद में औपचारिकताओं को पूरा कर उन्हें छोड़ दिया गया।
पुलिस को पहले से ही सूचना थी कि शिवसैनिक पंजाब से राज्य में दाखिल होंगे, जिसके चलते उन्होंने रावी पुल के पास ही पुलिस बल तैनात कर दिया। शिवसैनिकों के दल को पुलिस ने रोकते हुए उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी, जिससे गुस्साए कार्यकर्ताओं ने करीब एक घंटे हाईवे पर ही धरना लगाकर राज्य सरकार और आतंकवाद विरोधी प्रदर्शन किया।
पंजाब शिवसेना के प्रधान योगराज शर्मा, महासचिव जोगेंद्र सिंह जग्गी, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप महाजन ने कहा कि राज्य की गठबंधन सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है।
कश्मीर में आतंकवादी श्री अमरनाथ यात्रा को निशाना बना रहे हैं। सुरक्षाबलों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि पुलिस आतंकवाद और पत्थरबाजों पर कार्रवाई के बजाय सुरक्षाबलों पर एफआइआर दर्ज कर रही है। जम्मू-कश्मीर में राज्यपाल शासन लगाया जाना चाहिए। साथ ही राज्य से धारा-370 भी हटाई जाए।





