शाहजहांपुर में एसएस लॉ कॉलेज की छात्रा के गायब होने पर बोलीं प्रियंका- कब मिलेगा न्याय

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एसएस लॉ कॉलेज की छात्रा के गायब होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक दिन भी ऐसा नहीं बीतता, जिस दिन भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार महिलाओं को ये भरोसा दिलाने में कामयाब हो कि आप सुरक्षित हैं और अगर आपके साथ कोई घटना घटती है तो आपको न्याय मिलेगा.
प्रियंका गांधी ने कहा, आवाज उठाने वाली लड़की लापता है या कर दी गई है. उसके साथ क्या हो रहा है कोई नहीं जानता. आखिर ये कब तक चलेगा? प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ये उन्नाव मामले जैसा ही दुहराव लग रहा है. अगर कोई महिला बीजेपी नेता के खिलाफ शिकायत करती है, तो उसको न्याय मिलना तो दूर की बात, उसकी खुद की सुरक्षा की भी गारंटी नहीं रहती. पिछले ही साल आरोपी बीजेपी नेता स्वामी चिन्मयानंद पर से बलात्कार का मुकदमा बीजेपी सरकार ने वापस लिया था. बहुत साफ है सरकार किसके साथ खड़ी है. यूपी की लड़कियां सब देख रही हैं.
गौरतलब है कि पिछले साल योगी आदित्यनाथ सरकार ने स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म और अपहरण का मुकदमा वापस लेने का फैसला किया था. उनके खिलाफ एक लड़की की शिकायत पर नवंबर 2011 में एफआईआर दर्ज हुई थी, जिसने उनके आश्रम में कई साल बिताए थे.
एसएस लॉ कॉलेज की छात्रा ने पिछले हफ्ते सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था. इसमें आरोप लगाया गया था कि स्वामी चिन्मयानंद, जो उनके कॉलेज के निदेशक हैं, उन्हें और उनके परिवार को खत्म करने की धमकी दे रहे हैं, क्योंकि उनके पास कुछ सबूत हैं, जो उन्हें मुसीबत में डाल सकते हैं. लड़की ने वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मदद भी मांगी थी.





