शायद मैं ज्यादा दिनों तक जिंदा नहीं रहूंगा: एचडी कुमारस्वामी

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी जब भी किसी सार्वजनिक सभा में अपने स्वास्थ्य के बारे में बात करते हैं वह अपनी भावनाओं में बह जाते हैं। इसके कारण उनके विरोधियों को उनकी आलोचना करने का एक मौका मिल जाता है। शुक्रवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ। कुमारस्वामी ने मांड्या जिले के मालावल्ली में एक रैली को संबोधित करते हुए भावपूर्ण भाषण दिया। जिसकी वजह से कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने उनकी आलोचना की।शायद मैं ज्यादा दिनों तक जिंदा नहीं रहूंगा: एचडी कुमारस्वामी

मालावल्ली में भावुक होकर एचडी कुमारस्वामी ने इस बात की आशंका जताई कि वह ज्यादा दिन जिंदा नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘मैं शायद ज्यादा दिनों तक जिंदा नहीं रहूंगा। मैं भाग्यशाली था जो पिछले साल इजराइल में शैक्षणिक दौरे के दौरान जिंदा बच आया। लेकिन जब तक मैं जिंदा हूं आप लोगों की सेवा के लिए हरसंभव कोशिश करुंगा। मैं आपको नहीं बताउंगा कि इजरायल में आखिर क्या हुआ था।’ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा ने कहा, ‘कुमारस्वामी को इस तरह का भावुक भाषण नहीं देना चाहिए।’ 

कुमारस्वामी और बीएस येदियुरप्पा ने पूरे दिन मांड्या और रामनगर में प्रचार किया। पार्टी सूत्रों का कहना है कि कुमारस्वामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले इजरायल के दौरे पर गए थे। जहां उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। वहां इलाज के बाद वह स्वदेश लौट आए थे। केवल उनके करीबियों और परिवारवालों को यह बात मालूम है। मालावल्ली में कुमारस्वामी ने कहा कि वह पैसे बनाने के लिए मुख्यमंत्री नहीं बने हैं। उन्होंने कहा जब तक मेरे हाथ में सत्ता है मैं राज्य के ज्यादा से ज्यादा गरीबों को जीवन दूंगा।

मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए येदियुरप्पा ने अपनी दूसरी रैली में कहा, ‘कुमारस्वामी को अपने स्वास्थ्य के बारे में भावुक भाषण नहीं देना चाहिए बल्कि विकास कार्य और अच्छा शासन देने की तरफ ध्यान लगाना चाहिए। राज्य में अराजकता है क्योंकि लोग पीड़ित हैं। विकास कार्यों पर रोक लग गई है। आपके यह भावुक भाषण लोगों पर कोई प्रभाव नहीं डालेंगे क्योंकि वह पहले से ही संकट में हैं।’ येदियुरप्पा ने कुमारस्वामी पर केवल मांड्या को विकसित करने का भी आरोप लगाया।

Back to top button