शहीद के फेसबुक पर अज्ञात व्यक्ति ने बयां किया परिवार का दर्द, कहा- ‘इम्तियाज को मारा, हमें भी मार डालो’

‘सब इंस्पेक्टर इम्तियाज को मारा, अब हमें भी मार डालो। आप लोगों ने एक मां-बाप से उसका बेटा और बहन से भाई छीन लिया है।’ सीआईडी सब इंस्पेक्टर इम्तियाज की फेसबुक पर अज्ञात व्यक्ति ने यह पोस्ट किया है। सब इंस्पेक्टर को रविवार को साउथ कश्मीर में आतंकियों ने शहीद कर दिया था।
फेसबुक पर लिखे मार्मिक पत्र में कहा गया है कि इम्तियाज ही घर परिवार चलाता था। एक शिक्षित और प्रोफेशनल पुलिसकर्मी को मार दिया, जबकि उसके सूफी विचार थे। उसने कार्ल मार्क्स और हर तरह के विचार पढ़े थे। सब इंस्पेक्टर की परीक्षा में भी वह अव्वल आया था। उसे कश्मीर से बहुत प्यार था। अब उसके घर वाले क्या करेंगे। उसकी बहन का बेटा भी अपने मामा के बारे में अक्सर पूछता है।
सभी इम्तियाज के साथ अपनी जिंदगी बसर करना चाहते थे। कृपया आएं और उनका भी कत्ल कर दें। परिवार के अरमानों का कत्ल तो कर दिया। बुजुर्ग माता पिता का सहारा छीन लिया। परिवार से मिलने के लिए उत्सुक इम्तियाज ने अपनी दाढ़ी कटवाकर हुलिया भी बदल दिया था, ताकि आतंकियों को चकमा दे सके। लेकिन घर जाने के दौरान ही आतंकियों ने हत्या कर दी।





