विश्व क्रिकेट में कई मौके ऐसे हुए जब खेल भावना रही सबसे ऊपर

विश्व क्रिकेट में कई मौके ऐसे हुए जब खेल भावना को सर्वोपरि करते हुए बल्लेबाज को वापस बुलाया गया है। 
गुंडप्पा विश्वनाथ का बॉब टेलर को वापस बुलाना
1980 में मुंबई टेस्ट में इंग्लैंड के बल्लेबाज बॉब टेलर को विकेट के पीछे कैच आउट दिया गया था लेकिन वह पूरी तरह असहमत थे। भारत की कप्तानी संभाल रहे गुंडप्पा विश्वनाथ ने साथियों से सलाह कर अंपायर हनुमंता राव के पास जाकर अपील वापस ली। भारतीय टीम गोल्डन जुबली टेस्ट हार गई थी। यह मैच हार-जीत से परे खेल भावना के लिए जाना गया।
धोनी ने बेल को रनआउट से दी राहत
भारत के 2011 में इंग्लैंड दौरे में मेजबान बल्लेबाज इयान बेल ने सोचा कि गेंद डेड हो गई है। वह क्रीज से बाहर आ गए लेकिन अंपायर ने तब ओवर समाप्ति की घोषणा नहीं की थी। गिल्लियां उड़ा दी गई। नियमत: बेल आउट थे लेकिन धोनी और उनकी टीम का मानना था कि बेल से अनजाने में ऐसा हुआ और फिर वह कोई रन लेने का प्रयास भी नहीं कर रहे थे। बेल ने पारी जारी रखी। भारत यह मैच हार गया था।
इमरान ने श्रीकांत को वापस बुलाया
बात 1989 में लाहौर वनडे की है। कृष्णामाचारी श्रीकांत को वकार यूनुस की गेंद पर गलत एलबीडब्ल्यू दे दिया गया था। श्रीकांत को यकीन था कि वह आउट नहीं हैं। वह बड़े दुखी मन से पवेलियन लौट रहे थे। पाक कप्तान इमरान ने अंपायर से बात कर उन्हें वापस बुलाया। वो बात अलग है कि अगली गेंद पर वह विकेट के पीछे लपके गए।
सहवाग ने थिरिमाने के खिलाफ अपील ली वापस
ऑस्ट्रेलिया में 2012 में श्रीलंका के बल्लेबाज लाहिरू थिरिमाने को गैर बल्लेबाजी छोर पर गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने गेंद फेंकने से पहले क्रीज से बाहर जाने पर ‘मांकडिंग रन आउट’ कर दिया। नियमानुसार बल्लेबाज आउट था लेकिन कार्यवाहक कप्तान वीरेंद्र सहवाग ने सीनियर साथी सचिन से विमर्श कर अश्विन की रनआउट की अपील वापस ले ली।
सचिन को पोंटिंग ने वापस बुलाया
त्रिकोणीय सीरीज के 2006 में हुए फाइनल में सचिन तेंदुलकर को विकेट के पीछे आउट दे दिया गया था जबकि गेंद उनके कंधे को छूकर गई थी। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग और उनकी टीम ने विचार-विमर्श के बाद अंपायरों से उन्हें वापस बुलाने का आग्रह किया लेकिन वह ज्यादा बड़ी पारी नहीं खेल सके थे।
विटोरी ने ली अपील वापस
जिंबाब्वे के खिलाफ 2012 में न्यूजीलैंड के स्पिनर डेनियल विटोरी गैर बल्लेबाजी छोर पर मैल्कम वॉलर से टकरा गए। ऐसे में बल्लेबाज रेगिस चकाबवा को क्रीज के बीच से वापस लौटना पड़ा लेकिन विकेटकीपर ने इससे पहले उन्हें रनआउट कर दिया। विटोरी ने तुरंत अपील वापस लेने को कहा क्योंकि उनके गैर-बल्लेबाजी छोर पर खड़े बल्लेबाज के टकराने से दुविधा की स्थिति पैदा हुई थी।





