लोकसभा चुनाव 2019: पंजाब में आम आदमी पार्टी के दोनों गुटों के बीच सुलह की उम्मीद कम
आम आदमी पार्टी के दोनों गुटों के बीच अब सुलह की उम्मीद बहुत कम नजर आ रही है। पार्टी द्वारा बागी सुखपाल खैरा गुट को विश्वास में लिए बगैर लोकसभा चुनाव के लिए पांच उम्मीदवार घोषित करने के बाद समझौते के आसार और कम हो गए हैं। बागी खैरा गुट को पिछले दिनों मिल रहे रिस्पॉन्स के बाद आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने प्रदेश नेतृत्व को बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने के निर्देश दिए थे।
खैरा गुट बातचीत के लिए पहले ही कमेटी बना चुका था। लेकिन उनका आरोप था कि पार्टी की ओर से कोई बातचीत नहीं कर रहा। जिसके बाद पार्टी ने भी इसके लिए कमेटी गठित कर दी थी। लेकिन दोनों कमेटियों के बीच हुई एकमात्र बैठक बेनतीजा रही। साथ ही नया विवाद भी खड़ा हो गया। उप नेता सरबजीत कौर माणुके ने आरोप लगा दिया कि बागी गुट ने मांग की है कि सुखपाल खैरा को प्रदेश प्रधान बनाया जाए। जिसके बाद दोनों गुटों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए।





