लालू की बहू ऐश्वर्या राय पहली बार मीडिया के आईं सामने, लगाए सास और ननद पर ये आरोप

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बिहार में लालू का राज चलता था। उनकी कही बातों का असर होता था और उनके सामने लोग सिर नवाते थे, लेकिन आज लालू के परिवार की स्थिति ऐसी हो गई है कि घर के अंदर की खबरें भी अब सड़क पर आ गई हैं। लालू जब राजनीति में उतरे थे तो राबड़ी ने घर और परिवार की जिम्मेदारी से उन्हें मुक्त करते हुए पूरी जिम्मेदारी खुद पर ले ली थी। इतना ही नहीं, चारा घोटाला मामले में जेल जाने से पहले लालू ने बिहार की जिम्मेदारी पत्नी राबड़ी के कंधे पर सौंप दी थी।

लालू की बहू ने लगाया राबड़ी-मीसा पर गंभीर आरोप

आज उसी लालू परिवार की छीछालेदार हो रही है और उसी राबड़ी देवी पर उनकी बहू ऐश्वर्या राय ने प्रताड़ित करने का और खाना बंद करने का आरोप लगाया है। तेजप्रताप की पत्नी ऐश्वर्या ने तेजप्रताप के साथ सास राबड़ी देवी और ननद मीसा भारती पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर आपसी रिश्ते की पोल खोल दी है।

शनिवार को शुरू हुए लालू परिवार का फैमिली ड्रामा बारह घंटे तक चला था। जिसमें घर के बाहर अपने माता-पिता के साथ धरने पर बैठीं ऐश्वर्या राय ने पहली बार मीडिया के सामने अपना मुंह खोला और सास राबड़ी देवी और बड़ी ननद मीसा भारती पर गंभीर आरोप लगाए थे।

 

ऐश्वर्या ने राबड़ी और मीसा भारती पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। कहा था कि ससुराल में जुल्म ढाए जा रहे हैं। मीसा भारती ने धक्का दिया। वे मुझे घर से निकालना चाहती हैं। वह नहीं चाहती है कि मेरा घर बसे। यह भी नहीं चाहती है कि दोनों भाई (तेजप्रताप और तेजस्वी) साथ रहें, ताकि उनका राज कायम रहे।

लालू-तेजस्वी की ऐश्वर्या ने की थी तारीफ

वहीं, ससुर लालू यादव के बारे में ऐश्वर्या ने कहा कि वह चीजों को ठीक कर सकते हैं पर वह यहां हैं नहीं। हम चाहते हैं कि वह आ जाएं, ताकि मिल बैठककर बात हो सके और सबकुछ ठीक हो जाए।

देवर तेजस्वी प्रसाद यादव के व्यवहार के बारे में पूछे जाने पर ऐश्वर्या ने कहा कि उन्होंने पूर्व में उनकी काफी मदद की है पर आज जो हुआ, उनको शायद इसका पता नहीं है। उन्होंने कहा कि राबड़ी आवास में वह स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं करती। इस मामले ने इतना तूल पकड़ा की पुलिस और महिला हेल्पलाइन की सदस्यों की पहल के बाद राबड़ी देवी के गेट का दरवाजा ऐश्वर्या के लिए खुला और वो घर में प्रवेश कर सकीं।

लालू की बहू का गुस्सा पहुंचा डीजीपी तक 

बता दें कि ऐश्वर्या के मोबाइल से फोटो लेने और वीडियो बनाने के मुद्दे पर लालू परिवार में रविवार दोपहर से ही महाभारत शुरू हो गया था, जो थाना से होते हुए देर रात डीजीपी के दरबार तक पहुंच गया। राबड़ी देवी अपनी बहू को दोबारा अपने आवास में आने देने के लिए तैयार नहीं थी।

 

ऐश्वर्या और उनके मायके वाले जिद्द पर अड़े थे कि वह अपने पति के घर को नहीं छोड़ेंगी। पुलिस के सामने हुई करार के मुताबिक, ऐश्वर्या अब अपनी सास राबड़ी देवी के सरकारी आवास में रहकर ही अपने पति तेजप्रताप यादव के खिलाफ तलाक की कानूनी अड़चनों से निपटेंगी।

कुछ दिनों पहले राबड़ी आवास से रोती निकलीं थीं ऐश्वर्या

कुछ दिन पहले ही एक वीडियो वायरल हआ था जिसमें ऐश्वर्या राबड़ी देवी के घर से रोते हुए निकलती दिखाई दी थीं, लेकिन तब दोनों परिवार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।

दिल्ली के मिरांडा हाउस से पढ़ी-लिखीं ऐश्वर्या बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय की पौत्री हैं। उनके पिता चंद्रिका राय राजद के विधायक हैं।

 

लालू ने कहा था- ऐसी बहू चाहिए जो सास से ना लड़े

बता दें कि तेजप्रताप की शादी के पहले लालू ने कहा था कि हमें ऐसी बहू चाहिए जो सास से न लड़े। साथ ही, पत्नी राबड़ी की पढ़ी-लिखी और संस्कारी बहू की शर्त को भी सही ठहराते हुए उन्होंने कहा था कि वो एकदम ठीक कहती हैं।

लालू यादव ने तब ये भी कहा था कि वे और राबड़ी दोनों बुजुर्ग हो गए हैं, उन्हें ऐसी बहू चाहिए जो संस्कार वाली हो घर को अच्छे से चलाए। लालू ने कहा था कि हम तो बेटों का अरेंज मैरिज करना चाहते हैं। साथ ही, इस बात पर भी जोर दिया कि सबसे ज्यादा यह जरूरी है कि लड़का-लड़की एक-दूसरे को पसंद हों।

 

राबड़ी की ही पसंद थीं ऐश्वर्या

ऐश्वर्या को राबड़ी ने खुद ही अपने बड़ी बहू के रूप में पसंद किया था और लालू प्रसाद ने होने वाली बहू ऐश्वर्या राय से खुद फोन पर बात कर उसे सौभाग्यशाली बताया था और कहा था कि  तुम्हारे घर में पैर पड़ते ही सबकुछ ठीक होने लगा है। हालांकि, शादी के छह महीने बाद ही बेटे तेजप्रताप की जिद के कारण उनके तमाम सपने चकनाचूर हो गए हैं।

तेजप्रताप ने शादी के छह महीने बाद ही दे दी थी तलाक की अर्जी

तेजप्रताप यादव ने अपनी शादी के छह महीने के अंदर ही दो नवंबर को पत्नी ऐश्वर्या राय से तलाक के लिए फैमिली कोर्ट में अर्जी दायर कर दी थी। तेजप्रताप यादव ने ऐश्वर्या पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। दोनों के तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन है।

 

तेजस्वी ने कही थी ये बात

तेजप्रताप की जिद और उनकी परिवार से बनाई गई दूरी को देखकर लालू परिवार भी अब यह मान चुका है कि तेजप्रताप सुलह की कोई गुंजाइश नहीं रहने देना चाहते। तेजस्वी ने भी कहा कि दोनों बालिग हैं और वे फैसला लेने में सक्षम हैं। इसलिए इसे कोर्ट को ही निपटाने दिया जाए।

तेजप्रताप के पक्ष में खड़ा परिवार 

तेजप्रताप के तलाक के फैसले पर उनके परिवार ने उस वक्त कड़ी आपत्ति जताई थी और अपने आपको सभी ने ऐश्वर्या के पक्ष में खड़ा दिखाया था। हालांकि, ऐश्वर्या के आरोपों के बाद  यही लगता है कि सभी तेजप्रताप की बात से सहमत हैं।

बहुत समझाने के बाद राबड़ी ने दी ऐश्वर्या को घर में एंट्री

ऐश्वर्या राय और उनके परिवार के भारी दबाव और लालू प्रसाद के हस्तक्षेप के बाद आखिरकार राबड़ी देवी ने बहू के लिए रविवार देर रात करीब एक बजे अपने सरकारी आवास का दरवाजा खोल दिया। जिसके समझौते के बाद सचिवालय थाने में दी गई शिकायत को ऐश्वर्या ने वापस ले लिया।

कहा – लालू के समधी ने 

ऐश्वर्या राय के पिता चंद्रिका राय और पूर्णिमा राय समेत मायके के सभी लोग ऐश्वर्या को ससुराल में ही छोड़कर अपने घर लौट गए थे। चंद्रिका ने कहा कि वह लालू परिवार को तंग करने या जेल भेजने की नीयत से धरना पर नहीं बैठे थे, बल्कि अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए अड़े थे। बेटी को ससुराल में प्रवेश मिल गया तो मेरी भूमिका खत्म हो गई।

Back to top button