लखनऊ पहुंचे सेना प्रमुख नरवणे, सीएम योगी से की मुलाकात

लखनऊ। भारतीय थलसेना अध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। उन्होंने यहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। सेना प्रमुख ने नेपाल के साथ सीमा विवाद को लेकर मुख्यमंत्री से बातचीत की। इसके अलावा नरवणे ने भारतीय सेना के केंद्रीय कमांड के मुख्यालय का दौरा किया।
उल्लेखनीय है कि भारत – चीन सीमा पर तनाव के हालात हैं। सीमा पर तनाव के मद्देनजर थल सेना के प्रमुख नरवणे सेना के विभिन्न कमांडों में तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में सेना प्रमुख शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। सेना प्रमुख सीएम से मिलने के लिए नरवणे मुख्यमंत्री आवास गए थे। जानकारी के मुताबिक़ सेना प्रमुख ने सीएम योगी से लिपुलेख और कालापानी को लेकर बातचीत की।
सेना प्रमुख खासतौर से सेना के मध्य कमांड मुख्यालय का दौरा करने के लिए लखनऊ आए हैं। माना जा रहा है कि भारत – चीन सीमा पर तनाव के मद्देनजर सेना प्रमुख ने केंद्रीय कमांड के मुख्यालय का दौरा किया है। इस समय नेपाल के साथ भी भारत का सीमा विवाद है। इसलिए सेना प्रमुख का लखनऊ दौरा बेहद अहम माना जा रहा है।





