लखनऊ देश का तीसरा, प्रदेश का दूसरा सबसे अधिक प्रदूषित शहर, तालकटोरा में सबसे खतरनाक स्तर

सर्दी की दस्तक के साथ स्मॉग ने मंगलवार को लखनऊ की हवा को जहरीला बना दिया। इससे शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 396 तक पहुंच गया। सबसे खराब हवा तालकटोरा में मिली। यहां एक्यूआई 409 रिकॉर्ड किया गया। 
लालबाग में भी यह 400 के ऊपर मिला, जो हवा के खतरनाक होने का संकेत है। सीपीसीबी की एक्यूआई बुलेटिन के मुताबिक प्रदूषित शहरों में लखनऊ देश में तीसरे और प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। यहां का एक्यूआई दिल्ली और नोएडा से भी अधिक है।
देश में लखनऊ से अधिक प्रदूषित केवल उड़ीसा का 41 हजार की आबादी वाला तलचेर शहर और यूपी में आगरा है। तलचेर में एक्यूआई 414 और आगरा में 404 रिकॉर्ड किया गया, जो लखनऊ से केवल आठ अंक ही अधिक है। आगरा से अधिक एक्यूआई लखनऊ के तालकटोरा में रहा।
सुबह के वक्त बढ़ा प्रदूषण
सीपीसीबी के निगरानी केंद्र की लाइव रिपोर्ट के मुताबिक सुबह के वक्त एक्यूआई 450 से भी अधिक लालबाग, निशातगंज में मिला है। इसी समय स्मॉग लखनऊ में बना हुआ था। लालबाग में औसत एक्यूआई 401 रहा। अधिकतम एक्यूआई 453 रिकॉर्ड किया गया। निशातगंज में औसत एक्यूआई 382, अधिकतम एक्यूआई 459 रिकॉर्ड किया गया।





