राम भरोसे चल रही है स्वास्थ्य सेवाएं

सीएमओ के निरीक्षण में 30 स्वास्थ्यकर्मी मिले अनुपस्थित, वेतन काटने का निर्देश
लखनऊ। राजधानी में बेपटरी हुई स्वास्थ्य सेवाएं पटरी पर नहीं लौट पा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, डॉक्टर और कर्मचारी मोटी कमाई करने में व्यस्त हैं। ऐसा लग रहा है कि उन्हें अपने कार्यालय में बैठने, मरीजों को देखने और साफ-सफाई से जुड़े काम करना पसंद नहीं है। इस बात का खुलासा सीएमओ जीएस बाजपेयी के निरीक्षण में हुआ। उन्होंने आज सुबह दो अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। सीएमओ को निरीक्षण में 30 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले, जिसे गंभीरता से लेकर उन्होंने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन काटने का निर्देश दिया है।

सीएमओ जीएस वाजपेई को कई दिनों से अस्पतालों में चिकित्सकों के अनुपस्थित रहने की सूचना मिल रही थी। इसलिए उन्होंने आज सुबह 8:30 बजे राजेन्द्र नगर स्थित राजकीय टीबी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में तैनात 25 कर्मचारियों में 15 कर्मचारी ड्यूटी से गायब मिले। इसके बाद सीएमओ ने अर्बन सीएचसी ऐशबाग का निरीक्षण किया तो वहां भी 15 कर्मचारी गैरहाजिर मिले। इस बात को गंभीरता से लेकर उन्होंने सभी कर्मचारियों का वेतन काटने का निर्देश दिया और अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।
हमें शिकायत मिली थी कि इन अस्पतालों में कर्मचारी नहीं आते हैं। जिसका संज्ञान लेकर आज दो अस्पतालों का निरीक्षण किया तो दोनों जगहों पर तीस कर्मचारी गायब मिले। अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटा गया है। वहीं स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
जीएस वाजपेई, सीएमओ





