राजस्थान : विधानसभा चुनाव की शुरूआत अजमेर दरगाह और ब्रह्मा मंदिर पुष्कर से करेंगे राहुल गांधी

जयपुर: देश राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारक चुनाव मैदान में उतर गए हैं। इसी के तहत कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 26 नवंबर को अजमेर दरगाह में जियारत एवं पुष्कर सरोवर में पूजा-अर्चना कर प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। वहीं बता दें कि राहुल गांधी 26 नवंबर को ही सीमावर्ती पोखरण विधानसभा क्षेत्र, जालौर और जोधपुर शहर में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। एक दिन में तीन सभाओं को संबोधित करने के बाद राहुल गांधी 29 नवंबर को फिर राज्य के दौरे पर आएंगे। 

वहीं कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और संप्रग चेयरपर्सन सोनिया गांधी के बाद सबसे अधिक मांग पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टर अमरिंदर सिह, नवजोत सिह सिद्धू और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा एवं गुलाम नबी आजाद की है। जाट बहुल शेखावाटी एवं मारवाड़ क्षेत्र में हुड्डा की मांग है। वहीं पंजाब से सटे हनुमानगढ़ और गंगानगर जिलों में कैप्टन अमरिंदर सिह की डिमांड है।

गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी इस समय अपने पूरे शबाब पर चल रही है और पुर जोर तरीके से चुनाव प्रचार कर रही है। वहीं नवजोत सिंह सिद्धू और गुलाम नबी आजाद की मांग तो पूरे प्रदेश में है। साथ ही मध्य प्रदेश से सटे कोटा, झालावाड़, बांरा और चित्तोड़गढ़ जिलों में ज्योतिरादित्य सिंधिया और कमलनाथ की मांग है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने 40 नेताओं को स्टार प्रचारकों में शामिल किया है।

Back to top button