राजस्थान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ेगा पारा

राजस्थान में अगले कुछ दिनों में मौसम शुष्क होने के साथ गर्मी का असर फिर तेज होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि उत्तर-पूर्वी राजस्थान में अगले 2 से 3 दिनों तक कहीं-कहीं हल्की बारिश और मध्यम दर्जे का मेघगर्जन हो सकता है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी 3 से 4 दिनों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। 9 मई तक जोधपुर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना जताई गई है।

9 मई से हीटवेव का नया दौर
पश्चिमी राजस्थान में 9 मई से हीटवेव का नया दौर शुरू हो सकता है। खासकर जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर और आसपास के इलाकों में तेज गर्मी और लू का असर बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने जोधपुर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में तेज धूलभरी हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया है। 7 मई से अगले 3-4 दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मौसम के हाल की बात करें तो बुधवार को अधिकांश जगहों पर मौसम साफ रहा। कुछ जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का सर्वाधिक प्रभाव देखने को मिला। फलौदी सबसे गर्म जिला रहा।

यहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जैसलमेर और बाड़मेर में भी पारा 40 डिग्री के उपर ही रहा। वहीं प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माउंट आबू में भी मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

Back to top button