राजस्थान में मौसम का डबल अटैक: 48 घंटे आंधी-बारिश, फिर लौटेगी भीषण हीटवेव

राजस्थान में भीषण गर्मी और बदलते मौसम का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बूंदाबांदी और मेघगर्जन का असर देखने को मिलेगा, जिससे तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। हालांकि यह राहत ज्यादा लंबी नहीं रहेगी। 17 मई के बाद पश्चिमी राजस्थान में फिर से तीव्र हीटवेव का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में 14 और 15 मई को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। इसके साथ कई इलाकों में हल्की बारिश और मेघगर्जन होने के आसार हैं।
वहीं दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। 17 मई के बाद यहां भी लू का असर बढ़ने की संभावना है।
गुरुवार को भी प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। जैसलमेर और बाड़मेर में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा, जबकि जयपुर, अलवर और सीकर समेत कई जिलों में शाम के समय तेज आंधी और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। जयपुर में बारिश के बाद तापमान करीब 5 से 6 डिग्री तक गिर गया।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन के समय तेज गर्मी और लू बनी रहेगी, जबकि कुछ इलाकों में शाम के समय मौसम अचानक बदल सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हीटवेव के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।





