राजस्थान-तेलंगाना में प्रचार थमने से पहले BJP अध्यक्ष अमित शाह आज जयपुर में करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव अब अपने अंतिम दौर में पहुंच गए हैं. राजस्थान और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन है, मंगलवार शाम 5 बजे प्रचार पूरी तरह से थम जाएगा. मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह राजस्थान में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे.

अमित शाह, जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इसके बाद अजमेर में वह रोड शो भी करेंगे. गौरतलब है कि राजस्थान में ही आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी रैलियां हैं. पीएम मोदी आज राजस्थान के पाली और दौसा में रैली को संबोधित करेंगे.

गौरतलब है कि राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में से 199 पर 7 दिसंबर को मतदान होना है. एक सीट पर मतदान प्रत्याशी के निधन होने के कारण नहीं हो पाएगा, राज्य के चुनावी नतीजे 11 दिसंबर को अन्य राज्यों के साथ ही आएंगे.

भारतीय जनता पार्टी इन चुनाव में जीत कर सत्ता बरकरार रखना चाहेगी. कई सर्वों में बीजेपी को इस राज्य में पिछड़ता हुआ दिखाया गया है, हालांकि आखिरी फेज़ में बीजेपी को ओर से धुआंधार प्रचार किया गया था. प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह के अलावा योगी आदित्यनाथ समेत अन्य स्टार प्रचारकों ने अपनी पूरी ताकत झोंकी.

राजस्थान के अलावा आज सभी की नज़रें तेलंगाना पर भी हैं. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज तेलंगाना में रहेंगे. तेलंगाना में राहुल गांधी के अलावा चंद्रबाबू नायडू, केसीआर की भी रैली हैं. राहुल गांधी और चंद्रबाबू नायडू आज संयुक्त रैली को संबोधित करेंगे. जिसके बाद शाम को उनकी साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस भी है.

ओवैसी बंधु भी आज हैदराबाद में कई सभाएं करेंगे. वहीं, बीजेपी की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तेलंगाना में मोर्चा संभालेंगे. योगी की आज तेलंगाना में चार रैलियां हैं. तेलंगाना की 119 विधानसभा सीटों पर 7 दिसंबर को ही मतदान होगा.

Back to top button