राजधानी के कैंब्रिज स्कूल में बम की सूचना से हडक़ंप

लखनऊ। राजधानी के कृष्णानगर थाना क्षेत्र स्थित कैंब्रिज स्कूल में आज सुबह उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब किसी अज्ञात व्यक्ति ने 100 नंबर पर फोन कर स्कूल में बम रखे जाने की सूचना पुलिस को दी। यह सूचना मिलते ही पुलिस महकमे के अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गये। तत्काल क्षेत्रीय थाने की पुलिस, क्यूआरटी और बन निरोधक दस्ते को स्कूल भेजा गया। पुलिस ने 25 मिनट के अंदर स्कूल को चारों तरफ से घेर लिया। करीब आधे घंटे की तलाशी के बाद जब कोई विस्फोट नहीं मिला तो पुलिस ने राहत की सांस ली। वहीं अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित सैकड़ों गार्जियन स्कूल पहुंच गये, लेकिन जब हकीकत का पता चला तो लोग शांत हुए।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक 100 नंबर पर कैंब्रिज स्कूल में बम होने की सूचना मिलते ही तत्काल स्कूल को खाली करवाया गया। वहां स्कूल में पढऩे वाले बच्चों के अभिभावकों को बुलवाया गया। यह खबर सुनते ही बच्चों में भय व्याप्त हो गया। टीचर्स भी परेशान नजर आये। वहीं पैरेंट्स हैरान परेशान स्कूल पहुंचे। तब तक पूरा स्कूल छावनी बन चुका था। पुलिस ने बम निरोधक दस्ते के साथ मिलकर पूरे स्कूल की सघन तलाशी ली। जब उन्हें कुछ नहीं मिला तो पुलिस और स्कूल के लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस की टीम 100 नंबर पर फर्जी सूचना देने वाले की तलाश में जुटी है।





