रणजी ट्रॉफी 2018: उत्तराखंड की गेंदबाजी के सामने अरुणाचल पस्त

रणजी ट्रॉफी मुकाबले में उत्तराखंड की शानदार गेंदबाजी के आगे अरुणाचल प्रदेश की टीम पहली पारी में केवल 105 रन ही बना सकी। जिसके जवाब में उत्तराखंड की टीम दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाकर मजबूत स्थिति में है। रणजी ट्रॉफी 2018: उत्तराखंड की गेंदबाजी के सामने अरुणाचल पस्त

बुधवार को असम के गोलपाड़ा जिले में स्थित डीएन सिंघा स्टेडियम में उत्तराखंड का चौथा मैच अरुणाचल प्रदेश के साथ शुरू हुआ। उत्तराखंड ने टॉस जीत कर पहले अरुणाचल प्रदेश को बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। पहले खेलनी उतरी अरुणाचल की पूरी टीम 50 ओवर भी नहीं खेल सकी। टीम के लिए क्षितिज शर्मा ने सर्वाधिक 57 रन व डोरिया ने 13 रनों की पारी खेली। इसके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका। चार बल्लेबाज शून्य पर पवेलियन लौटे। उत्तराखंड की ओर से मयंक मिश्रा ने चार, सन्नी ने तीन, रतूड़ी ने दो और रंगाराजन ने एक विकेट लिया। 

जवाब में बल्लेबाजी के लिए उतरी टीम उत्तराखंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर बल्लेबाज विनीत सक्सेना 6 रन और पीयूष जोशी 7 रन बनाकर सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे कार्तिक और वैभव ने टिक कर बल्लेबाजी करते हुए स्कोर को 161 रन तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर वैभव को टेचि नेरी ने बोल्ड कर दिया। दोनों के बीच 148 रनों की साझेदारी हुई। वैभव ने 59 रनों की पारी खेली। दिन का खेल खत्म होने तक उत्तराखंड ने तीन विकेट के नुकसान पर 176 रन बना लिए थे। बल्लेबाज कार्तिक 99 और सौरभ रावत 4 रन बनाकर खेल रहे हैं।
 

Back to top button